-पुनरीक्षित बजट का प्रॉसेस पूरा न होने व नगर आयुक्त के अब्सेंट रहने पर सदस्यों ने किया हंगामा, बैठक अब 15 को

>

VARANASI

नगर निगम कार्यकारिणी समिति की बैठक शुक्रवार को हंगामे की भेंट चढ़ गई। पुनरीक्षित बजट का प्रॉसेस न पूरा होने और नगर आयुक्त के अब्सेंट रहने पर पर कार्यकारिणी के सदस्य भड़क गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख मेयर/सभापति मृदुला जायसवाल ने बैठक स्थगित कर दी। अब अगली बैठक 15 अक्टूबर को होगी। करीब दस मिनट तक चली बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, राजेश यादव चल्लू, अजीत सिंह, प्रशांत सिंह, रमजान अली, अपर नगर आयुक्त अजय कुमार सिंह समेत अन्य कार्यकारिणी सदस्य माैजूद रहे।

सदस्य बोले, रूल्स को नहीं किया फॉलो

दरअसल, नगर निगम सभागार में कार्यकारिणी समिति की बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हुई। इसमें प्रस्तुत किए गए 755 करोड़ के पुनरीक्षित बजट पर चर्चा होने के बाद उसे पास करना था। बैठक शुरू होने के बाद जैसे ही बजट पेश किया गया तो उस पर मेयर का हस्ताक्षर देख सदस्य भड़क गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। इनका कहना था कि नियमों के मुताबिक नगर आयुक्त पुनरीक्षित बजट तैयार कर कार्यकारिणी समिति की बैठक में रखते हैं। यहां पास होने के बाद फिर बजट मिनी सदन की बैठक में पेश किया जाता है। सदन उसे पास करता है तो मेयर अपना हस्ताक्षर करती हैं। फिर उसे शासन को भेजा जाता है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इससे निर्धारित रूल्स का उल्लंघन हुआ है।