- नकदी के बजाय ऑनलाइन भरा जा सकेगा हाउस टैक्स

- स्वाइप मशीन लेकर घर पहुंचेंगे निगम के इंस्पेक्टर

देहरादून, अब हाउस टैक्स जमा करने के लिए करदाताओं को नगर निगम नहीं जाना होगा। निगम के इंपेक्टर्स को स्वाइप मशीन देकर टैक्स वसूलने के लिए घर-घर जाएंगे। ऑनलाइन टैक्स भरने के लिए निगम ने सभी बैंकों से डिटेल मांगनी शुरू कर दी गई है। ऑनलाइन टैक्स वसूलने से निगम की मैनपावर खर्च नहीं होगी और टारगेट भी समय पर पूरा होगा। हालांकि अभी वार्डो में कैंप लगाकर टैक्स वसूल रहा है।

सॉफ्टवेयर किया जा रहा तैयार

निगम की ओर से ऑनलाइन टैक्स का सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। इसका जिम्मा आईटी कंपनी को सौंपा गया है, हालांकि इसकी मॉनिटरिंग टैक्स विभाग करेगा। इसके लिए कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जाएगी। दो माह के भीतर योजना शुरू हो जाएगी।

बैंक देगा स्मार्ट कार्ड

जिस भी बैंक से नगर निगम का करार होगा। उस बैंक की जिम्मेदारी होगी कि वह स्मार्ट कार्ड जारी करेगा। हाउस करदाता बैंक जाकर स्मार्ट कार्ड लेगा और स्वाइप मशीन से कर अदा करेगा।

ट्रायल पर रखी जाएंगी 10 मशीन

प्रथम चरण में 10 स्वाइप मशीन को ट्रायल पर रखा जाएगा। जिस बैंक से करार होगा वहीं मशीन को ट्रायल पर देगा। जिसके बाद और मशीनों को भी खरीदा जाएगा। जिसकी मॉनिटरिंग नगर निगम से की जाएगी।

घर बैठे भी कर सकते कर चुकता

निगम का अकाउंट नंबर बैंक में फीड रहेगा। करदाता घर बैठे भी टैक्स सीधे निगम के खाते में डाल सकते हैं, जो लोग ऐसे करने में असमर्थ रहते हैं। उनके घर जाकर निगम इंस्पेक्टर टैक्स वसूलेगा।

टारगेट पूरा नहीं कर पा रहा निगम

मैन पॉवर लगने से निगम समय पर टारगेट पूरा नहीं कर पा रहा है। बीते वर्ष निगम द्वारा रखा गया टारगेट साल बीतने के बाद पूरा किया गया। ऑनलाइन होने से तीन माह के भीतर ही पूरा किया जाएगा।

शहर में 1.20 लाख करदाता

निगम की सर्वे में पाया गया कि 70 हजार हाउस टैक्स और 50 हजार कॉमर्शियल करदाता है। ऑनलाइन होने के बाद दोबारा से सर्वे किया जाएगा। जो लोग टैक्स देने से बच रहे हैं। उन पर कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही टैक्स वसूला जाएगा।

----------

टैक्स को जल्द ऑनलाइन करने की योजना बनाई जा रही है। बैंकों से इसकी डिटेल मांगी जाएगी। स्मार्ट कार्ड और स्वाइप मशीन के जरिए भी टैक्स वसूला जाएगा।

सुनील उनियाल गामा, मेयर