-नगर निगम कार्यकारिणी के 6 मेंबर्स के लिए आए 7 आवेदन, एक निरस्त

-नामांकन निरस्त होने पर पार्षद विपुल लाला ने किया हंगामा

बरेली-नगर निगम की कार्यकारिणी समित के मेंबर्स का चुनाव हंगामेदार रहा। समिति के 6 मेंबर्स के लिए 7 आवेदन आए, जिसमें से एक आवेदन खारिज हो गया और सभी मेंबर्स निर्विरोध चुन लिए गए। नामांकन खारिज किए जाने पर पार्षद विपुल लाला ने मेयर पर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और नौबत लाठी निकालने तक की आ गई। किसी तरह वहां मौजूद लोगों ने मामले को शांत किया।

मंडे को दोपहर सबसे पहले दो बजे नगर निगम सभागार में कार्यकारिणी समिति के पुराने छह सदस्यों को निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई। नेता विपक्ष और भाजपा उपनेता के साथ पर्ची का साइज तय हुआ। उस पर बड़े अक्षरों में नाम लिखने और कई बार फोल्ड करने की सहमति बनी। फिर सभी पर्चियों को एक पारदर्शी बॉक्स में डालकर बंद कर दिया गया। इसके बाद मेयर डॉ। उमेश गौतम ने छह पर्चियां निकाली और सबको दिखाई। उनमें भाजपा के विनोद सैनी, हरनाम सिंह, अवनेश कुमार, ऊषा उपाध्याय और सपा के मुहम्मद अंजुम, इकबाल बिल्डर के नाम निकले। लॉटरी के जरिए ये 6 पार्षद कार्यकारिणी समिति से बाहर हो गए। इस दौरान नगर आयुक्त, चुनाव अधिकारी समेत अन्य अधिकारी व पार्षद मौजूद रहे।

सात पार्षदों ने कराया नामांकन

कार्यकारिणी मेंबर्स के चुनाव में पहले ही तय हो गया था कि सभी मेंबर्स निर्विरोध चुने जाएंगे। 6 मेंबर्स के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें बीजेपी के 5 और सपा के 2 पार्षदों ने पर्चे भरे। सभी पार्षदों ने दो-दो पर्चे भरे। पार्षद शशि सक्सेना का पर्चा गलत होने के चलते निरस्त कर दिया। पार्षद विपुल लाला के एक नामांकन पत्र में से अनुमोदक नरेश कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया। इस पर उनका एक पर्चा निरस्त कर दिया गया। उनके दूसरे पर्चे में एक जगह सिर्फ हस्ताक्षर थे नाम नहीं और दूसरी जगह सिर्फ नाम लिखा था मगर हस्ताक्षर नहीं थे। इस पर मेयर ने दूसरा पर्चा भी खारिज कर दिया।

ये छह सदस्य निर्विरोध निर्वाचित

सातवां पर्चा निरस्त होने पर बचे हुए छह पार्षदों को निर्विरोध सदस्य निर्वाचित कर दिया गया। कार्यकारिणी के नए सदस्यों के रूप में भाजपा के पार्षद छंगामल मौर्य, शशि सक्सेना, अजय कुमार चौहान, मुकेश सिंघल और सपा के महलका कुरैशी, रईस मियां अब्बासी शामिल हुए। कार्यकारिणी में उपसभापति अतुल कपूर, अनुपम चमन, रूप किशोर, पूनम गंगवार, सलीम पटवारी, अब्दुल कयूम मुन्ना पूर्व की तरह शामिल रहेंगे।

नारेबाजी के बाद निकलीं लाठियां

बीजेपी पार्षद विपुल लाला सभागार से निकलने के बाद नारेबाजी करते हुए नीचे परिसर में पहुंच गए। उन्होंने महापौर पर गलत तरीके से पर्चा निरस्त करने का आरोप लगाया। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री तक करने की चेतावनी दी। नारेबाजी व हंगामा होने पर मेयर के गनर व अन्य स्टाफ ने उन्हें रोकना चाहा, लेकिन बात बिगड़ गई। उनके बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। इस पर गनर ने गाड़ी से लाठियां निकाल लीं। तब पार्षद शांत होकर वहां से चले गए।