- ईकोग्रीन व निगम के कर्मचारी एक साथ मिलकर करेंगे काम, फील्ड पर जाएंगे साथ

- जोन एक से नई व्यवस्था का ट्रायल शुरू, 15 दिसंबर तक पूरे शहर में व्यवस्था होगी लागू

abhishekmishra@inext.co.in

LUCKNOW :

अरे सुनो, घर से कूड़ा तो उठा रहे हो, झाड़ू कौन लगाएगा या फिर झाड़ू तो सुबह ही लग गई, अब कूड़ा कितने बजे उठेगा। इन शब्दों के बीच जनता और सफाई कर्मियों के बीच हमेशा बनी रहने वाली टकराव की स्थिति का लगभग अंत हो गया है। इसकी वजह यह है कि अब सुबह सात बजे घरों से कूड़ा उठाया जाएगा और ठीक उसी दौरान घरों के सामने सड़क पर झाड़ू भी लगाई जाएगी। निगम प्रशासन की ओर से यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। हालांकि अभी इस व्यवस्था को ट्रायल के तौर पर जोन एक में शुरु किया गया है। जबकि निगम प्रशासन का दावा है कि 15 दिसंबर तक यह नई व्यवस्था पूरे शहर के सभी वार्डो में लागू कर दी जाएगी।

मिलकर साथ करेंगे काम

दरअसल में, अभी ईकोग्रीन कंपनी के कर्मचारियों की ओर से घरों से कूड़ा कलेक्शन का काम किया जाता है। जबकि निगम कर्मियों की तरफ से झाड़ू लगाई जाती है। अक्सर जनता की ऐसी शिकायतें सामने आती रहती हैं, जिसमें कहा जाता है कि कूड़ा उठाने वाले झाड़ू नहीं लगाते और झाड़ू लगाने वाले कूड़ा नहीं उठाते। कई बार तो जनता और कर्मचारियों के बीच टकराव तक की स्थिति बन जाती है। इसे ध्यान में ध्यान रखते हुए ही निगम प्रशासन की ओर से नई व्यवस्था लागू की जा रही है। अब ईकोग्रीन और निगम के कर्मचारी साथ मिलकर फील्ड में जाएंगे और कूड़ा कलेक्शन के साथ ही झाड़ू भी लगाएंगे। हालांकि जिम्मेदारियों की व्यवस्था पूर्ववत रहेगी। मतलब ईकोग्रीन के कर्मचारी अपना काम करेंगे और निगम के कर्मचारी अपना काम।

जोन एक से शुरुआत

निगम प्रशासन की ओर से नई व्यवस्था की शुरुआत सोमवार से जोन एक से की गई है। इसके बाद जोन तीन, जोन चार और जोन आठ में इस व्यवस्था को क्रियांवित किया जाएगा। परिणाम सामने आने के बाद 15 दिसंबर तक हर हालत में पूरे शहर में यह व्यवस्था लागू कर दी जाएगी। जिससे जनता को इस नई व्यवस्था का लाभ मिल सके।

114 अधिकारियों को जिम्मेदारी

निगम प्रशासन की माने तो नई व्यवस्था पर नजर रखने के लिए पहले चरण में 14 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बाद अन्य वार्डो में भी एक-एक अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। 110 वार्डों में कुल मिलाकर 114 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिससे व्यवस्था पटरी से न उतरे।

पहले दिन मिली खामी

नई व्यवस्था लागू करने के पहले दिन ही कुछ खामियां भी सामने आईं। निगम अधिकारियों की माने तो फील्ड पर निगम के ज्यादातर कर्मचारी तो समय पर पहुंच गए लेकिन ईकोग्रीन के कर्मचारी लेट आए। हर किसी को निर्देश जारी किए गए हैं कि मंगलवार को सभी समय से फील्ड पर पहुंचे। जिससे ज्यादा से ज्यादा घरों को नई व्यवस्था से जोड़ा जा सके।

110 नगर निगम के कुल वार्ड

8 जोन में बंटा है नगर निगम

1 नंबर जोन से नई व्यवस्था की शुरुआत

15 दिसंबर तक पूरे शहर में व्यवस्था होगी लागू

114 अधिकारियों को मॉनीटरिंग की जिम्मेदारी

नई व्यवस्था के अंतर्गत घरों से कूड़ा उठाया जाएगा और सड़क पर झाड़ू भी लगाई जाएगी। ईकोग्रीन और निगम के कर्मचारी एक साथ मिलकर फील्ड पर काम करेंगे। जिससे जनता को खासी सुविधा मिलेगी। 15 दिसंबर तक पूरे शहर में नई व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।

- डॉ। इंद्रमणि त्रिपाठी, नगर आयुक्त