- पब्लिक को डेबिट कार्ड से भुगतान करने की मिलेगी सुविधा

- भवन की वर्तमान स्थिति और टैक्स कर्मियों की लोकेशन की मिलेगी जानकारी

VARANASI

नगर निगम जल्द ही हाउस टैक्स भुगतान के लिए नई सुविधा शुरू करेगा। निगम ऑनलाइन मोजाम्बी मशीन के जरिये डेबिट कार्ड से भुगतान की सुविधा देगा। इसकी तत्काल रसीद मिलेगी। मशीन में भवन की वर्तमान स्थिति का डेटा फीड किया जाएगा। जिससे बार-बार कम्प्यूटर में डेटा फीड करने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही मशीन में लगे जीपीएस के माध्यम से निगम के उच्चाधिकारी हर समय टैक्स इंस्पेक्टर, रेवेन्यू इंस्पेक्टर और टैक्स कलेक्टर की फील्ड में लोकेशन भी जान सकेंगे।

'आईडीपी' के तहत तैयार हुई मशीन

जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) ने इंस्टीट्यूशनल डेवलपमेंट प्रोग्राम (आईडीपी) के तहत इंटीग्रेटेड मोजाम्बी मशीन तैयार की है। फिलहाल मशीन की टेस्टिंग चल रही है। नगर निगम के कर निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक और कर संग्राहक को ये मशीनें दी जाएंगी। जिससे वे डोर-टू-डोर जाकर हाउस टैक्स वसूलेंगे।

अब तक है यह व्यवस्था

नगर निगम अभी तक तीन तरह से हाउस टैक्स वसूलता है। टैक्स विभाग के कर्मचारी स्पॉट बिलिंग मशीन से डोर-टू-डोर टैक्स वसूलते हैं। यह मशीन ऑफलाइन होती है। कई बार इसमें रसीद न निकलने की भी समस्या सामने आती है। जिससे रसीद लेने के लिए लोगों को निगम कार्यालय की दौड़ लगानी होती है। इसके अलावा निगम के प्रधान कार्यालय व जोन ऑफिसों में लोग खुद टैक्स जमा करते हैं। फरवरी व मार्च महीनों में जोन कार्यालयों में कई बार कतार भी लग जाती है। नगर निगम की अधिकृत वेबसाइट पर ऑनलाइन टैक्स जमा करने की भी सुविधा है, लेकिन तमाम लोगों के पास प्रिंटर नहीं होने से इसमें रसीद मिलने की प्रॉब्लम आड़े आ जाती है।

ये मिलेंगी सुविधाएं

- डेबिट कार्ड, चेक व कैश भुगतान करने की सुविधा होगी।

- हाउस टैक्स जमा करने पर तत्काल रसीद मिलेगी।

- भवनों की रिहायशी, लॉक या कोर्ट में विचाराधीन समेत अन्य बिन्दुओं पर अपडेट जानकारी मिल सकेगी।

- आपके मेल या मोबाइल पर एसएमएस से टैक्स जमा होने की सूचना मिलेगी।

- निगम के कर विभाग के कर्मचारियों की लोकेशन भी ट्रेस हो सकेगी।

- भवन व टैक्स की मशीन में डेटा फीडिंग होने से निगम के कम्प्यूटर डिवीजन में तत्काल जानकारी ऑनलाइन हो जाएगी।

एक नजर

- 1.92 लाख मकान हैं सिटी में

- 75 टैक्स इंस्पेक्टर व रेवेन्यू इंस्पेक्टर हैं निगम में तैनात

- 55 टैक्स कलेक्टर करते हैं डोर-टू-डोर हाउस टैक्स की वसूली

- 05 कर निर्धारण अधिकारी करते हैं मॉनीटरिंग

- 100 मोजाम्बी मशीनें नगर निगम को देगी जायका

मोजाम्बी मशीन का जायका टेक्निकल टेस्टिंग करा रही है। जल्द ही इसे निगम कर्मियों को दिया जाएगा। जिससे पब्लिक को सहूलियत मिल सकेगी।

डॉ। नितिन बंसल, नगर आयुक्त