- दीवार फांदकर भागी मूक-बधिर संवासिनी

- तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित

जागरण संवाददाता, देहरादून: नारी निकेतन (केदारपुरम) से एक मूक-बधिर संवासिनी फिल्मी अंदाज में दीवार फांदकर भाग गई। रातभर विभागीय अधिकारी, पुलिस के साथ संवासिनी की तलाश में जुटे रहे।

नेहरू कॉलोनी थाने में केस दर्ज

आए दिन संवासिनियों के भागने की घटनाओं के लिए जाने जाने वाले नारी निकेतन से रविवार दोपहर तीन बजे एक मूक-बधिर संवासिनी भाग गई। जब संवासिनी के भागने की घटना का कर्मचारियों को पता चला तो उन्होंने अधीक्षक मीना सिंह को सूचना दी। इसके बाद अधीक्षक व कर्मचारियों ने आसपास के क्षेत्र में संवासिनी की खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सूचना मिलने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर संवासिनी के भागने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अधीक्षक व पुलिसकर्मी रातभर संवासिनी की तलाश में जुटे रहे, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस की ओर से रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर भी वाहनों की सघन चेकिंग की गई, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट ने बताया कि संवासिनी को खोजने में पुलिस की मदद भी ली जा रही है। बताया कि संवासिनी की उम्र करीब 30 वर्ष है।

सभी थाने व चौकियों को अलर्ट कर दिया गया है। संवासिनी की तलाश के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है, जो लगातार उसकी तलाश में जुटी है।

निवेदिता कुकरेती, एसएसपी देहरादून।