- नाथ नगरी के सभी मंदिरों में उमड़ी कांवडियों की भीड़

-कांवडि़यों की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी किए पुख्ता इंतजाम

BAREILLY :

सावन के पहले सोमवार पर नाथ नगरी शिवभक्तों के जयकारों से गूंज उठी। शहर में चारों ओर मंदिरों में शिव भक्तों की सुबह से कतारें लगनी शुरू हो गई। लाइन में लगे हुए शिव भक्तों को मंदिरों में भीड़ के चलते अपनी बारी का काफी देर इंतजार करना पड़ा। रिमझिम बारिश भी भोले बाबा के भक्तों को नहीं रोक पाई। बड़ी संख्या में कांवडि़यों और शिवभक्तों ने अलग-अलग मंदिरों में जलाभिषेक किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए थे।

कई जत्थे हुए रवाना

शहर के अलखनाथ, मढ़ीनाथ, धोपेश्वर नाथ, त्रिवटीनाथ, पशुपति नाथ और वनखंडीनाथ मंदिर में कावंडि़यों ने जलाभिषेक किया। मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचे कांवडि़यों में नौजवान, बच्चे और महिलाएं भी शामिल रहीं।

बड़ी संख्या में पहुंचे कांवडि़ए

सावन के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में कांवडि़ए भी गंगा जल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचे। कांवडि़ए बदायूं के कछला से और हरिद्वार से जल लेकर बरेली पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सावन के पहले सोमवार और कांवड़ यात्रा को देखते हुए जिले में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। मंदिरों में निगरानी के लिए प्रशासन ने सभी मंदिरों के पास पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। प्रशासन ने मंदिरों में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ कांवड़ रूट पर भी पुलिस बल तैनात किया है। मंदिरों में शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ ही सिविल डिफेंस की टीम भी तैनात की गई है।

तपेश्वर नाथ मंदिर में हुई आरती

नाथ नगरी जलाभिषेक समिति ने सुभाषनगर स्थित तपेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। सैकड़ों की संख्या में शिवभक्तों का जत्था श्यामगंज से रवाना हुआ और शहर के विभिन्न मागरें से गुजरता हुआ तपेश्वरनाथ मन्दिर पहुंचा। वहां पर भगवान भोले पर जलाभिषेक करने के साथ ही भव्य आरती भी की। इस दौरान पूरा मन्दिर परिसर बाबा भोले के जयकरों से गूंज उठा।