RANCHI: लोकसभा चुनाव को देखते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम तैयारियों का जायजा लेने रांची आ रही हैं। संभावित लोकसभा चुनाव की तैयारी की समीक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के नेतृत्व में 14 सदस्यीय टीम 29 जनवरी की शाम रांची पहुंचेगी। यह टीम दो दिनों तक रांची में रह कर अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मुख्य सचिव, डीजीपी के साथ बैठक करेगी। इस दौरान अब तक हुई चुनावी तैयारियों की समीक्षा होगी।

सुझाव लेगी टीम

चुनाव आयोग की टीम द्वारा राजनीतिक दलों का भी सुझाव लिया जाएगा। साथ ही तैयारी को लेकर राज्य सरकार के शीर्ष अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए जाएंगे। आयोग ने झारखंड दौरे के बारे में लिखित रूप से मुख्य सचिव और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सूचना भेज दी है।

दो दिन रहेगी टीम

जानकारी के अनुसार, अरोड़ा मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा के नेतृत्व में टीम 29 जनवरी की शाम सेवा विमान से रांची पहुंचेगी। इसके बाद रात आठ बजें मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी सहित पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसके बाद अगले दिन 30 जनवरी को आयोग के वरीय अधिकारियों द्वारा डीसी, एसपी के साथ भी अलग से बैठक की जाएगी। साथ ही 30 जनवरी को ही राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बैठक करने के बाद टीम वापस दिल्ली लौट जाएगी।

चुनाव के दौरान दौरे की रही है परंपरा

गौरतलब हो कि आम चुनाव के समय मुख्य निर्वाचन आयुक्त विभिन्न राज्यों का दौरा करते हैं, इस क्रम में वे राज्यों की जरूरतों का आकलन करते हैं, उसमें राज्यों को केंद्रीय पुलिस बलों की आवश्यकता, इवीएम की जरूरतों की समीक्षा की जाती है।