टोल में 05 से 25 रुपए तक हुआ इजाफा, नया रेट एक अप्रैल से लागू

ALLAHABAD:

नए यमुना पुल से गुजरने वालों को अब जोर का झटका धीरे से लगेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल में चार से छह फीसदी का इजाफा किया है। थ्री और फोर व्हीलर के साथ ही बस, ट्रक व अन्य भारी वाहनों के लिए 05 से 25 रुपये अतिरिक्त टोल वसूला जाएगा। नया रेट एक अप्रैल से लागू हो गया है।

अचानक बढ़ गया रेट

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने टोल में अचानक बढ़ोतरी की है। लोगों को अभी तक कार के साथ पुल पार करने पर टोल के रूप में 20 रुपये देना पड़ता था। जबकि 24 घंटे के लिए 30 रुपये वसूला जा रहा था। अब इसकी जगह 25 रुपये और 35 रुपये टोल वसूला जा रहा है। इसी तरह बस, ट्रक व अन्य व्हीकल के लिएभी टोल में चार से 6 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है।

-पहले: अभी तक कार के साथ नया यमुना पुल पार करने पर टोल के रूप में 20 रुपये देना पड़ता था

-अब: अब इसकी जगह पर टोल के रूप में 25 और 35 रुपये वसूला जा रहा है।

पुराने पुल पर बढ़ेगा जाम

टोल में बढ़ोत्तरी का असर पुराने पुल पर पड़ना तय है। ट्रक और बसों को तो नए यमुना पुल से ही गुजरना पड़ेगा, लेकिन कार सवार टोल से बचने के लिए पुराने यमुना पुल का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में यहां जाम की समस्या बढ़ सकती है।

बाक्स

ओवरलोडिंग के लिए इलेक्ट्रानिक काटा

टोल प्लाजा पर एक और बदलाव हुआ है। ट्रकों की ओवरलोडिंग पकड़ने के लिए इलेक्ट्रानिक काटा लगाया गया है। ओवरलोडिंग पर ट्रक चालकों से दो से दस गुना अधिक टैक्स वसूलने का आदेश भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से दिया गया है।