RANCHI : प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी द्वारा गुरुवार को बुलाए गए झारखंड बंद के मद्देनजर पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस को अलर्ट जारी किया गया है और संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एडीजी आरके मल्लि्क ने बताया कि नक्सली बंदी से निपटने के लिए पूरे इंतजाम कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रेल मार्ग पर तो नजर रखी ही जा रही है साथ ही नक्सली प्रभावित इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

सभी रेल मंडल अलर्ट पर

नक्सलियों के द्वारा बुधवार की रात 12 बजे से शुक्त्रवार की रात्रि तक बुलाये गए झारखंड बंद को देखते हुए सभी रेल मंडल में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजधानी जैसी वीआइपी ट्रेन समेत मेल एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाये जाने पर सहमति बनी है। बुधवार की रात्रि 8 बजे से शुक्रवार की सुबह 6 बजे तक ग्रैंडकॉर्ड पर परिचालन की गति सीमा कम कर दी गई है।

जरूरी सेवाएं बंद से मुक्त

भाकपा माओवादी के स्पेशल एरिया कमिटी के प्रवक्ता अमन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर झारखंड बंद बुलाने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अत्याचार के खिलाफ इस बंद को बुलाया गया है। हालांकि, जरूरी सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।