मेयर के निरीक्षण के बाद अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: नगर निगम की ओर से कार्यो में लापरवाही बरती जा रही है। शनिवार को मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने शहर के साथ नैनी में चल रहे कार्यो का निरीक्षण किया। उन्होंने नैनी के जोनल अधिकारी समेत नौ अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने और एक सफाई नायक को सस्पेंड करने का निर्देश दिया।

बैक फ्लो हो रहा था नाला

मेयर ने जवाहर लाल नेहरू रोड से निरीक्षण की शुरुआत की। यहां सीवर लाइन का पानी ब्लैक फ्लो हो रहा था। अवर अभियंता ने बताया कि गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई द्वारा सीवर लाइन आगे से बंद किए जाने के कारण चोक है। नैनी स्थित रिफ्यूजी कॉलोनी में सड़क निर्माण में गड़बड़ी मिली। जलकल विभाग के पम्प हाउस परिसर में अनधिकृत तरीके से रिक्शे खड़े थे। गंदगी पाई गई। अधिशासी अभियंता व अवर अभियंता के पास पंप रूम की चाभी नहीं थी। पंप का संचालन टाईमर द्वारा किया जाता है, फिर भी अनधिकृत रूप से पम्प ऑपरेटर रखा गया है। जिम्मेदार अधिकारी कोई जानकारी नहीं दे सके।

बस्ती में भरा था गंदा पानी

आनंद नगर से मिर्जापुर रोड स्थित नाला चोक होने के कारण बस्ती में गंदा पानी भरा था। नाला सफाई के आदेश दिए गए। निर्देशों का पालन करने में लापरवाही बरतने पर जोनल अधिकारी नैनी राजेंद्र प्रसाद, सफाई निरीक्षक प्रमोद कुमार, सहायक अभियंता नजमी, अवर अभियंता हरी वर्मा, शिव कुमार सरोज, आरके मिश्रा, सफाई निरीक्षक राकेश भार्गव, सफाई नायक फिरोज, सफाई कर्मचारी बृजलाल, सफाई कर्मचारी संजय यादव, अधिशासी अभियंता विजय नारायण मौर्य व अवर अभियंता जलकल दीपक के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई। सफाई नायक संजय को निलंबित करने का आदेश नगर आयुक्त को दिया गया।