काठमांडू (पीटीआई)। नेपाल के पर्वतारोही कामी रीता शेरपा ने मंगलवार को एक बार फिर दुनिया के सबसे ऊंचे पर्वत एवरेस्ट पर चढ़ाई करने का एक रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसी तरह उन्होंने लगातार 24वीं बार माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल की है और अपने ही रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। नेपाल ने 14 मई को एवरेस्ट का रास्ता पर्वतारोहियों के लिए खोला था। इससे पहले भी 15 मई को 50 वर्षीय कामी रीता शेरपा ने 8,848 मीटर ऊंची इस चोटी पर 23वीं बार पहुंचकर खुद का ही रिकॉर्ड तोड़ा था। मंगलवार को शेरपा विश्व के पहले ऐसे पर्वतारोही बन गये हैं, जिन्होंने इस चोटी पर 24वीं बार चढ़ाई की है।

नेपाली शेरपा ने 23 बार फतह की एवरेस्ट चोटी, बनाया वर्ल्ड रिकाॅर्ड

भारतीय पुलिस टीम के साथ शुरू की चढ़ाई

सेवन समिट ट्रेक्स के चेयरमैन मिंगमा शेरपा ने बताया, 'रीता शेरपा ने सोमवार को सोलुखुंबू जिले के थामे गांव से पर्वत की चढ़ाई शुरू की थी और मंगलवार की सुबह 6.38 मिनट तक उन्होंने एवरेस्ट की चढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली। उन्होंने पर्वत की चढ़ाई भारतीय पुलिस टीम के साथ पूरी की। कामी एक भारतीय पुलिस टीम को गाइड करते हुए माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे, जिसमें जम्मू और कश्मीर के दो पुलिस अधिकारी शामिल थे।  रीता 1994 से माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई कर रहे हैं। 1995 में हिमस्खलन व खराब मौसम के कारण उनका अभियान पूरा नहीं हो पाया था लेकिन उसके बाद से एवरेस्ट पर चढ़ने का उनका सिलसिला बदस्तूर जारी रहा। 2017 में 21वीं बार एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर वह ऐसा करने वाले दुनिया के तीसरे व्यक्ति बने थे। उनसे पहले यह रिकॉर्ड नेपाल के अप्पा शेरपा और फुर्बा ताशी शेरपा के नाम था। कामी ने 25 या उससे भी ज्यादा बार एवरेस्ट पर चढ़ने की इच्छा जताई है।

International News inextlive from World News Desk