RANCHI: नेवरी के सीरत नगर में मो जाकिर के कारण ही लगभग 20 घरों के परिवार आगजनी के शिकार हुए। यदि मो जाकिर संयम से काम लेता, तो उन्हें बर्बादी का मंजर नहीें देखना पड़ता। उनके घर नहीं जलते। बुधवार को लोगों का गुस्सा मो जाकिर के खिलाफ साफ झलक रहा था। यह गुस्सा इसलिए था कि उनकी गाढ़ी कमाई आग में झोंकी जा चुकी थी। उनके पैसे लूट लिए गए थे। रमजान को फीका कर दिया गया।

सफेदपोशों की तलाश

अब रांची पुलिस को मो जाकिर की तलाश है। उसके पीछे किसका हाथ है, इस बाबत भी छानबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि नेवरी इलाके में रिंग रोड बनने के बाद जमीन की खरीदारी और बिक्री के लिए कई जमीन दलालों में कांटे की टक्कर चल रही है। बताया जा रहा है कि इनमें एक ऐसा भी हैं, जो इलाके का पूर्व बाशिंदा है। जमीन के धंधे में बेटे की मौत के बाद ज्यादा सक्रिय हो गया है। वो किसी एक पार्टी से जुड़ा हुआ भी है और उसी की वजह से जमीन की बिक्री में आगे बढ़ रहा था। वह उस इलाके में अपना दबदबा बनाए रखना चाहता है। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर सामने आने से भी कतराता है। रांची पुलिस उन सफेदपोशों की तलाश कर रही है।