तीन माह बाद भी नहीं हो सका वाहनों का रजिस्ट्रेशन

बिना नंबर बिना परमिट हो रहा वाहनों का संचालन

Meerut। शहर में शुरु हुई डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था के तहत शहर में नई डबल बॉक्स कूड़ा गाडि़यों का संचालन शुरु किया गया था। इन ये गाडि़यों को निगम के पास आए करीब तीन माह का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक इन गाडि़यों का आरटीओ विभाग में पंजीकरण तक नही कराया गया है। गाडि़यां शहर की सड़कों पर कूड़ा लाद कर फर्राटा भर रही हैं, लेकिन सरकारी विभाग से जुड़ी होने के कारण इन पर रोक नही लग पा रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ। कुंवर सेन ने बताया कि शहर के 90 वार्डो के लिए करीब 180 गाडि़यां प्रस्तावित हैं। कुछ और नई गाडि़यां अभी आने वाली हैं एक साथ सभी गाडि़यों का पंजीकरण कराया जाएगा।

एक माह से हो रहा संचालन

गत माह 31 अगस्त को निगम ने अपनी डोर टू डोर योजना के तहत करीब 46 नई टाटा ऐस गाडि़यों का संचालन शुरु किया था। अब इन गाडि़यों का संचालन शुरु हुए एक माह का समय बीतने वाला है, लेकिन ना तो गाडि़यों पर नंबर है और ना ही गाडि़यों का रजिस्ट्रेशन हुआ है। जबकि निगम के पास करीब तीन माह पहले ये गाडि़यां आ चुकी थी।

हादसे का सबब निगम की गाडि़यां

दरअसल निगम की पुरानी कूड़ा गाडि़यों की हालत खस्ता है। इन गाडि़यों का कई कई साल से ना तो फिटनेस हुआ है और नही गाडि़यां संचालन के लिए वैध हैं। बावजूद इसके इन गाडि़यों का संचालन किया जा रहा है। ऐसे में ये गाडि़यां कभी भी किसी हादसे को अंजाम दे सकती हैं वहीं गत माह आई ये नई गाडि़यों भी बिना पंजीकरण के सड़कों पर फर्राटा भर रही हैं। जिनके चालकों तक के लाइसेंस की निगम द्वारा जांच नही होती है।