RANCHI : रांची जिला दुर्गा पूजा समिति ने इस साल दुर्गा पूजा को ऐतिहासिक व भव्य तरीके से बनाने का फैसला लिया है। रविवार को राजस्थान मित्र मंडल पूजा परिसर में समिति की बैठक में दर्शनार्थियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए जाने पर सहमति बनी। समिति के अध्यक्ष मुनचुन राय ने बताया कि पूजा समितियों की समस्याओं एवं उनके समाधान के लिए छोटी-छोटी प्रभागवार समिति बनाई जाएगी।

नई कार्यकारिणी का गठन

समिति के महासचिव सुनील यादव ने इस मौके पर दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर प्रतिवेदन पेश किया। इसके बाद पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी बनाई गई। इस साल मंत्री सीपी सिंह को मुख्य संरक्षक हीरालाल साहू को संरक्षक, मुनचुन राय को अध्यक्ष, नवीन चंचल को कार्यकारी अध्यक्ष, राहुल शर्मा को उपाध्यक्ष एवं अशोक चौधरी, अशोक पुरोहित, किशन पोद्दार, कृष्ण मोहन सिंह, मनोज पांडेय, आलोक साहू, कुंदन सिंह, ज्ञान सिन्हा, मनोज गुप्ता, मनोज ठाकुर, राजेंद्र सिंह, मनोज मिश्रा, कामख्या सिंह को शामिल किया गया है।

अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार

लंबे अंतराल के बाद झारखंड में बारिश होने की उम्मीदें बन रही है। अगले तीन दिनों तक राज्य के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। ओडि़शा के तटीय इलाके में बने लो प्रेशर जोन की वजह से बारिश की संभावनाएं बनी हैं। गौरतलब है कि मॉनसून रुखसत होने को है, लेकिन अगस्त- सितंबर महीने में कम बारिश हुई है। इस वजह से जहां फसल के बर्बाद होने की आशंका मंडरा रही है, वहीं उमस भरी गर्मी भी लोगों को परेशान कर रही है।

हो सकती हल्की व मध्यम बारिश

मौैसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान पदाधिकारी आरके महतो ने बताया कि ओडि़शा के ऊपर बन रहे निम्न दबाव क्षेत्र की वजह से झारखंड में भी नमी का प्रवेश हो रहा है। नमी के बढ़ने से अगले तीन दिनों तक यहां बारिश हो सकती है। हालांकि, भारी बारिश की संभावना नहीं है। हल्की अथवा छिटपुट बारिश की उम्मीदें हैं। इस दौरान 20 मिमी तक बारिश हो सकती है।

साउथ झारखंड में असर

ओडि़शा में निम्न दबाव के क्षेत्र जो नमी बन रही है, वह साउथ ओडि़शा के नॉर्थ-ईस्ट से होकर झारखंड की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में इसका सबसे ज्यादा असर रांची व सिंहभूम में देखने को मिलेगा। राज्य के अन्य इलाकों की तुलना में यहां ज्यादा बारिश होने की संभावना बन रही है।