RANCHI: 2019 शुरू होने के साथ ही लोगों के जीवन में भी कई बदलाव शुरू होने जा रहे हैं। पुराने साल की विदाई और नए साल के आगमन के साथ ही कई ऐसे निर्णय हैं जो लोगो के जीवन पर असर डालेंगे। सरकारी कर्मचारी जहां नई व्यवस्था से रूबरू होंगे वहीं एक लाख युवाओं को रोजगार मिलेगा। नगर निगम ने भी नए साल में नई व्यवस्था शुरू की है। ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स जमा करने पर दस परसेंट की छूट मिलेगी।

ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स पर 10 परसेंट छूट

रांची नगर निगम द्वारा होल्डिंग टैक्स बकायेदारों को ऑनलाइन टैक्स भरने पर नए साल में विशेष छूट देने की तैयारी की जा रही है। जनवरी 2019 से ऑनलाइन होल्डिंग टैक्स भरने वाले लोगों को 10 परसेंट तक की छूट मिलेगी। इसके लिए शर्त होगी कि बकायेदारों को नगर निगम की वेबसाइट पर जाकर होल्डिंग टैक्स का भुगतान करना पड़ेगा। साथ ही एक वर्ष का होल्डिंग टैक्स एक साथ भरने पर ही यह छूट मिलेगी। जो भी बकायेदार एक साल का होल्डिंग टैक्स ऑनलाइन भरेंगे उनको तत्काल 10 परसेंट का रिबेट मिल जाएगा। इस विशेष छूट के तहत बहुत सारे लोगों को इसका तत्काल लाभ मिल जाएगा।

रिम्स में पूरे दिन ओपीडी

रिम्स में नए साल एक जनवरी से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। रिम्स के नए निदेशक डीके सिंह ने नई शुरुआत की है। 2019 से रिम्स में पूरे दिन अलग-अलग डिपार्टमेंट के डॉक्टर ओपीडी करेंगे। एक जनवरी से सर्जरी और मेडिसिन ओपीडी में शाम तीन बजे से पांच बजे तक मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टर देखेंगे। दोनों ही विभागों के इवनिंग ओपीडी में विशेषज्ञ चिकित्सक विशेष बीमारी का उपचार करेंगे। सुबह के ओपीडी में सामान्य मरीज देखे जाएंगे, जबकि शाम के ओपीडी में उस दिन के लिए निर्धारित बीमारियों का ही उपचार किया जाएगा। मेडिसिन और सर्जरी ओपीडी में शाम के समय सामान्य मरीज नहीं देखे जाएंगे, अन्य विभागों के ओपीडी पूर्व की भांति ही संचालित होंगे।

सरकारी कर्मी को ऑनलाइन छुट्टी

नए साल 2019 में सरकारी कर्मचारियों को अपनी नौकरी में नई व्यवस्था से रूबरू होना होगा। अब सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले जितने भी अराजपत्रित कर्मचारी हैं। सेक्शन ऑफिसर से लेकर बड़ा बाबू, किरानी समेत सभी को स्थापना के आदेश से लेकर अवकाश छुट्टी के आवेदन तक को ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। ऑनलाइन अप्लाई करने के बाद जो अधिकृत पदाधिकारी हैं वो स्वीकृति देंगे उसके बाद ही सरकारी विभाग के कर्मचारी छुट्टी पर जा सकते हैं। वहीं, छुट्टी स्वीकृत नहीं होने पर भी छुट्टी में जाने वाले कर्मचारियों का वेतन नहीं मिलेगा। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग के अपर मुख्य सचिव केके खंडेलवाल ने राज्य के सभी जिलों के डीसी इस संबंध में पत्र लिखा है। नई व्यवस्था जनवरी 2019 से लागू की जाए

एक लाख युवाओं को नौकरी

झारखंड में ग्लोबल स्किल समिट जनवरी 2019 में होने जा रहा है, जहां एक लाख युवाओं को नौकरी मिलेगी। स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी को राज्य सरकार खेलगांव में देश का सबसे बड़ा ग्लोबल स्किल समिट करेगी। इसमें 9 देशों स्विटजरलैंड, यूके, जापान, जर्मनी, मालटा, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, कुवैत और बहरीन सरकार के प्रतिनिधि शामिल होंगे। झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी ने एमओयू के लिए इन देशों से संपर्क साधा है। देश-विदेश की 150 कंपनियां भी हिस्सा लेंगी। 12 जनवरी के दिन एक लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा, अब तक 50 हजार स्किल्ड युवाओं का रोजगार फ ाइनल हो चुका है।