-काशीचक के धानपुर में आठ और वारिसलीगंज के बोझवां में एक की मौत, मृतकों में एक अधेड़, एक युवा, चार किशोर और तीन बच्चे

NAWADA/PATNA: वज्रपात की दो घटनाओं से शुक्रवार अपराह्न नवादा जिला में नौ लोगों की अकाल मौत हो गई जबकि आठ जख्मी हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हताहतों में सबसे अधिक बच्चे हैं। सभी की उम्र 12 वर्ष के करीब है।

वज्रपात की दो घटनाएं हुई

पहली घटना से धानपुर व आसपास के गांवों तक में कोहराम मचा हुआ है। काशीचक प्रखंड में धानपुर गांव के प्रेमनगर टोले में एक ही जगह आठ लोगों ने दम तोड़ दिए। दूसरा वज्रपात वारिसलीगंज प्रखंड के बोझवां गांव में हुआ, जिसमें 50 वर्षीय विशुनदेव यादव की अकाल मौत हो गई।

प्रेमनगर में कोहराम : धानपुर के प्रेमनगर में दोपहर करीब तीन बजे पीपल के पेड़ के नीचे बने चबूतरे पर ग्रामीण बैठे हुए थे। वहां बच्चे और किशोर खेल रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू हुई और वज्रपात हो गया। वज्रपात से आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनमें एक युवा, चार किशोर और तीन बच्चे हैं। मिथिलेश मांझी के दो बच्चों की एक साथ मौत हो गई। घायल हुए आठ लोगों को ग्रामीण तत्काल बौरी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। गंभीर हालत में एक किशोर को नवादा स्थित सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक साथ आठ लोगों की मौत से प्रेमनगर में कोहराम मचा हुआ है।