-एत्मादपुर कस्बे में पूर्व पार्षद ने घर की छत पर हुआ हादसा

-स्वच्छ भारत अभियान के तहत दिल्ली की कंपनी ने लगाया था बैलून

आगरा: एत्मादपुर कस्बे में स्वच्छ भारत अभियान की जागरूकता को लगे नाइट्रोजन गैस से भरे गुब्बारे में रविवार को विस्फोट हो गया। इससे लगी आग में पूर्व पार्षद के परिवार के दो सदस्यों समेत चार लोग बुरी तरह झुलस गए। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एत्मादपुर कस्बा निवासी पूर्व पार्षद शमसाबाद के घर की छत पर पांच दिन पहले दिल्ली की एक कंपनी ने नाइट्रोजन गैस का गुब्बारा लगाया था। शनिवार की शाम को गुब्बारे से गैस लीक होने पर पूर्व पार्षद ने नगर पालिका अध्यक्ष से इसकी शिकायत की। उन्होंने कंपनी ठेकेदार को इसकी जानकारी दी। उसने रविवार को आकर चेक करने की कहा।

अचानक हुआ तेज धमाका

रात में गैस अधिक लीक होने से गुब्बारा पूर्व पार्षद की छत पर आ गया। रविवार सुबह साढ़े सात बजे लोग उसे देखने छत पर गए थे। इसी दौरान अचानक उसमें आग लगने के बाद तेज धमाका हो गया। छत पर मौजूद पूर्व पार्षद का पुत्र सोहेल (16) भाई अंसार (22), गांव के जीतू (10) पुत्र रामविलास और मुन्नेश (15) पुत्र सुरेशचंद लपटों की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना से अफरातफरी और दहशत फैल गई। आग के चलते पूर्व पार्षद और पड़ोस के घरों में रहने वाले लोग बाहर निकलकर भाग गए। जले हुए लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर एत्मादपुर नितिन कुमार कसाना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

कस्बे में पांच जगह पर लगा है गुब्बारा

स्वच्छ भारत अभियान को लेकर लोगों में जागरूकता के लिए नाइट्रोजन गैस से भरा गुब्बारा कस्बे में पांच जगह लगाया था। पूर्व पार्षद के अलावा नगर पालिका कार्यालय, विनायक भवन, ममता इंटर कॉलेज और जल विहार ढाबा की छत पर लगा है। पूर्व पार्षद के यहां हुई घटना के बाद से इन सभी जगहों पर लगे गुब्बारों को लेकर लोगों के मन में दहशत फैल गई।