Lucknow: गर्मी के इस मौसम में जहां लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल है ऐसे में पोलिंग पार्टियां अपने बूथ पर पहुंच चुकी हैं और इस वक्त मुश्किल में है 180 से 185 नम्बर तक की पोलिंग पार्टी। खरिका वार्ड नम्बर 10 जहां प्रत्याशियों की संख्या सबसे ज्यादा 51 है। राम भरोसे स्कूल में पहुंची पोलिंग पार्टी की व्यवस्था भी राम भरोसे है। न पीने का पानी है और न गर्मी से बचने के लिए कोई सही व्यवस्था। ऐसे यहां पहुंचे लोग यही सोच रहे हैं कि कैसे होगी ड्यूटी?
महिलाएं भी हैं पार्टी में
राम भरोसे मैकू लाल स्कूल में पहुंचे 30 लोगों में छह महिलाएं भी शामिल हैं। इन लोगों ने बताया कि यहां एक टूटा हुआ नल लगा है। सामने इतना बड़ा तलाब है जो जलकुम्बी और गंदगी से पटा है। गर्म हवाओं के साथ इससे उठने वाली बदबू ने परेशान कर दिया है। चुनाव अधिकारियों ने इस स्कूल के बारे में इनफारमेशन दी थी वो बिलकुल गलत है। ऐसी जगह पोलिंग बूथ बना दिया गया है जहां पोलिंग पार्टी को भेज तो दिया गया है, लेकिन उनके लिए कोई व्यवस्था ही नहीं है।