द्भड्डद्वह्यद्धद्गस्त्रश्चह्वह्म : मानगो जलापूर्ति योजना के तहत सोमवार से जलापूर्ति बंद हो गई है। पानी की आपूर्ति बंद होने से मानगो में हाहाकार है। जिउतिया महापर्व के मौके पर पानी बंद होने से लोगों में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और मानगो नगर निगम के प्रति नाराजगी है। भाजपा नेता विकास सिंह ने मानगो थाने में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता मंतोष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी है। उन पर जनता की सुविधा में बाधा पहुंचाने और मानगो में पानी बंद कराने को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है।

इंतजार में बीता दिन

मानगो में सुबह आठ बजे से 10 बजे तक विभिन्न इलाकों में अलग-अलग आधे-आधे घंटे के लिए जलापूर्ति होती है। लोग सुबह आठ बजे से अपने इलाके के नलों में पानी का इंतजार करते रह गए। जब 11 बजे तक पानी नहीं आया तो लोग परेशान हो उठे। मानगो में तकरीबन 50 हजार घर हैं। इनमें से 40 हजार के आसपास चारों में सबमर्सिबल नहीं है। इन घरों में दिन चार लोग परेशान रहे।

ठेकेदार ने बंद कर दिया पानी

मानगो जलापूर्ति योजना का संचालन आर शर्मा की कंपनी करती है। कंपनी से मानगो नगर निगम का करार 2005 में हुआ था। इसमें कंपनी को जलापूर्ति का संचालन करने के लिए दो करोड़ 29 लाख रुपये मिलते हैं। इधर बीच, कई महीने से ठेकेदार को जलापूर्ति संचालन पर 18 फीसद जीएसटी भी देना पड़ रहा है। इसके अलावा 2017 में मानगो में 100 किलोमीटर अतिरिक्त पाइप लाइन बिछाई है। अब ठेकेदार का कहना है कि सरकार जीएसटी और 100 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन में जलापूर्ति के एवज में अतिरिक्त पैसा दे। मानगो नगर निगम ने ठेकेदार को समझाया कि वो जनहित को देखते हुए एक महीने ठहर जाए। लेकिन, इस पर भी ठेकेदार नहीं माने और जलापूर्ति ठप कर दी।

पुलिस करेगी मामले की जांच

भाजपा नेता विकास सिंह ने जुतिया पर्व के मौके पर मानगो में पानी बंद होने पर पेयजल एवं स्वचछता विचाग के कार्यपालक अभियंता पर मुकदमा दर्ज कर दिया है। अब पुलिस इस मामले की जांच करेगी कि आखिर मामला क्या है।

50 रुपये गैलन तक बिका पानी

मानगो में पानी बंद होने की वजह से 50 रुपये प्रति गैलन तक पानी बिका। पानी बेचने वालों ने मानगो ब्रिज के पास लगे जुस्को के नल से पानी भरा और इसे बेचा। पानी खरीदने वालों ने तीन-चार गैलन पानी खरीद कर काम चलाया।

हैंडपंपों ने भी दे दिया जवाब

मानगो में 498 हैंडपंप हैं। इनमें से ज्यादातर हैंडपंप खराब हैं। 20-25 हैंडपंप ही दुरुस्त हैं। जो हैंडपंप ठीक हैं वहां पानी भरने वालों की लंबी लाइन लगी रही। खरा हैंडपंपों को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के चलते हैंडपंपों की दुर्दशा है।

पास-पड़ोस से मिला सहारा, तब चला काम

जिन घरों में सबमर्सिबल लगा है, वो अपने पड़ोसियों के लिए सहारा बने। मानगो ब्रिज के पास जुस्को के नल पर भी भारी भीड़ लगी रही। लोग यहां से छोटे वाहनों, कार, जीप, साइकिल, स्कूटी आदि के जरिए पानी ढो रहे रहे थे।