चलो मन गंगा यमुना तीर के दूसरे दिन हुआ कई कार्यक्रमों का आयोजन

ALLAHABAD: उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सांस्कृतिक महोत्सव चलो मन गंगा यमुना तीर के दूसरे दिन प्रथम सत्र में प्रिया श्रीवास्तव (फैजाबाद), आस्था खरे (इलाहाबाद) ने भजन, लोकगीत से समां बांधा। मधुलता (महोबा) ने बुंदेली गीत और पंकज तिवारी (उन्नाव) ने आल्हा गायन कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। द्वितीय सत्र मोहन लाल त्यागी (वाराणसी) के शहनाई वादन से प्रारम्भ हुआ। उन्होंने वाराणसी की मशहूर शहनाई का प्रतिनिधित्व किया।

सूफी गीत से झुमाया

लखनऊ से आये किशोर चतुर्वेदी और स्वाती रिजवी की जोड़ी ने 'मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है' और 'चलो मन गंगा यमुना तीर' जैसे भजन सुनाये। गंगा जमुनी तहजीब की झलक विमल बाबरा (वाराणसी) के सूफी गायन में देखने को मिली। असम की बिहू, राजस्थान की चकरी और चरी नृत्य, छत्तीसगढ़ के गौड़ माडि़या, मध्य प्रदेश के गुदुम बाजा और झारखण्ड के पुरूलिया छाऊ नृत्यों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।