- आम बजट में एनई रेलवे को मिला 2717 करोड़

- एनईआर जीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

GORAKHPUR: एनईआर जीएम राजीव अग्रवाल ने बताया कि बजट में एनई रेलवे को 2717 करोड़ रुपए की धनराशि आवंटित हुई है। यात्री सुविधाओं को देखते हुए इस साल दो बड़े कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। इसमें करीब 125 करोड़ रुपए की लागत स्टेशंस के सुधार के लिए स्वीकृत हैं। इसमें इस साल के लिए चार करोड़ का आउट ले है। एनई रेलवे के पिपराइच, बेल्थरा रोड, सुरेमनपुर, भटनी, अवध, लखीमपुर, करनैलगंज सहित नौ स्टेशन शामिल होंगे। बुधवार को जीएम अपने सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि दूसरा महत्वपूर्ण कार्य स्टेशनों पर पैदल उपरगामी पुल और प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण का है। इस काम की कुल लागत 450 करोड़ रुपए रखी गई है। इसमें एनई रेलवे द्वारा प्रस्तावित 188 करोड़ की लागत से 70 स्टेशनों, 70 पैदल उपरीगामी पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा 304 करोड़ की लागत से 156 स्टेशनों पर प्लेटफार्म का उच्चीकरण और विस्तारीकरण कराया जाएगा।

यात्री सुविधा में खर्च होंगे 132 करोड़

जीएम ने बताया कि एनई रेलवे में पिछले साल 117 करोड़ रुपए का खर्च किया गया था। इसके तहत रेलवे स्टेशन पर एक्सलेटर, लिफ्ट, कोच डिस्पले बोर्ड, वाई-फाई, इंट्रीगेटेड सिक्योरिटी सिस्टम, ऑनलाइन इलेक्ट्रानिक रिजर्वेशन चार्टिग सिस्टम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा पांच स्टेशन पर पैदल उपरीगामी पुल बनाए गए। 11 स्टेशन के प्लेटफॉर्म को उच्चतल में परिवर्तित किया गया। अगले एक वर्ष में यात्री सुविधाओं के लिए 132 करोड़ रुपए का खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए भी इतना बजट

- बजट में नई लाइन, आमान परिवर्तन और दोहरीकरण के लिए चालू कार्य में 228.2 करोड़, 372.1 करोड़ और 6761 करोड़ रुपए का आउट ले रखा गया है।

- नई लाइन और दोहरीकरण का कार्य पहले से स्वीकृत है। इसलिए इस बार कोई नया कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है। चालू परियोजनाओं को पूरा कराने पर जोर रहेगा।

- रेलवे के रूट पर 993 रूट किमी का इलेक्ट्रिीफिकेशन स्वीकृत कर लिया गया है। इसकी लागत 834 करोड़ रुपए रखी थी।

- यातायात सुविधा के लिए डबल डिस्टेंट का कार्य सौ करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत किया गया है।

- सड़क संरक्षा के तहत समपारों हेतु चालू कार्य के लिए करीब 50 करोड़ रुपए, नए कामों के लिए छह करोड़ रुपए का आउट ले रखा गया है। आरओबी और आरयूबी के लिए चालू कार्य के लिए लगभग 235 करोड़, नए कार्य लिए लगभग 11 करोड़ का आउट ले रखा गया है।

- रेल पथ बदलाव के लिए चालू कार्य में लगभग 335 करोड़ और नए कामों के लिए 75 करोड़ का आउट ले रखा गया है। सिग्नल के चालू कार्य के लिए लगभग 60 करोड़, नए कार्य के लिए तीन करोड़ रुपए आउट ले रखा गया है।