बकाया कॉमर्शियल टैक्स पर नगर निगम ने होटल समेत तीन शोरूम पर की कार्रवाई

व्यापारियों ने जताई नाराजगी, 53.50 लाख का टैक्स जमा करने के बाद खुले शोरूम

BAREILLY:

साल भर टैक्स वसूली की कवायद में बैकफुट पर रहा नगर निगम मार्च शुरू होते ही अचानक तल्ख तेवर में आ गया है। वेडनसडे को नगर निगम ने अपने टैक्स वसूली सीजन की पहली बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन बड़े शोरूम को सील कर दिया। टैक्स सुपरिंटेंडेंट्स की मौजूदगी में निगम दस्ते ने शहर के तनिष्क शोरूम, अमाया होटल के साड़ी संसार शोरूम और विशाल मेगा मार्ट को लाखों का बकाया होने के चलते सील कर दिया। शोरूम को सील करने की कार्रवाई सुबह 10 बजे से पहले ही पूरी कर दी गई। निगम की इस कार्रवाई से शोरूम खुलवाने पहुंचे शोरूम ओनर्स के हाथ पांव फूल गए। वहीं अन्य बड़े कॉमर्शियल टैक्स बकाएदारों पर भी हड़कंप मच गया। निगम की सीलिंग की कार्रवाई थर्सडे को भी जारी रहेगी।

1.8 करोड़ का बकाया

नगर निगम ने फरवरी से बकाया कॉमर्शियल टैक्स करदाताओं के खिलाफ वसूली अभियान चलाया। लेकिन अभियान का असर नहीं दिखा। टैक्स में छूट का फायदा और डिमांड नोटिस भेजे जाने के बावजूद बड़े बकाएदारों ने टैक्स जमा नहीं किया। वेडनसडे को सील किए गए तीनों कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों पर ही निगम का कुल 1,08,27,529 रुपए का बकाया टैक्स था। अयूब खां चौराहा स्थित विशाल मेगा मार्ट पर 72,83,646 रुपए, चौकी चौराहा स्थित तनिष्क शोरूम पर 21,92,863 रुपए और अमाया होटल बिल्डिंग पर 13,51,020 रुपए का बकाया टैक्स था। जिसमें साड़ी संसार शोरूम पर ही 6.82 लाख का टैक्स बकाया था। निगम की ओर से साड़ी संसार को नोटिस भी भ्ोजी गई।

गलत टैक्स लगाने का आरोप

शोरूम सील किए जाने की कार्रवाई के खिलाफ उप्र व्यापार मंडल के व्यापारी लामबंद हो गए। शोरूम ओनर्स का सपोर्ट करते हुए व्यापार मंडल के पदाधिकारी मेयर व नगर आयुक्त से विरोध जताने नगर निगम पहुंचे। मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र गुप्ता ने टैक्स की दरें गलत तरीके से लगाने और इस पर टैक्स वसूले जाने के आरोप लगाए। व्यापारियों ने कॉमर्शियल टैक्स दरों को लेकर नाराजगी जताई। साथ ही आगरा व गोरखपुर में कॉमर्शियल टैक्स दरों के बरेली से बेहद कम होने का हवाला भी दिया। मेयर ने व्यापारियों को सीएम को ज्ञापन देकर टैक्स दरों में कमी किए जाने की सलाह दी।

53.50 लाख्ा की वसूली

शोरूम सील किए जाने से सकते में आए शोरूम ओनर्स ने मेयर डॉ। आईएस तोमर व नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव से गुहार लगाई। विशाल मेगा मार्ट व तनिष्क की ओर से पहले ही निगम को दो-दो लाख रुपए बतौर टैक्स भुगतान किया गया था। वेडनसडे को सीलिंग की कार्रवाई के बाद विशाल मेगा मार्ट की ओर से 35 लाख का चेक देकर कुल 37 लाख रुपए बतौर टैक्स अदा किया गया। वहीं तनिष्क शोरूम की ओर से भी 9.50 लाख का चेक देकर कुल 11.50 लाख का टैक्स अदा किया गया। जबकि अमाया होटल की ओर से निगम को 5 लाख का चेक अदा किया गया। जिसके बाद साड़ी संसार शोरूम की सील हटाई गई।