- न्यू इयर पर बिना अनुमति छुट्टी लेने पर जीएमवीएन के 23 कर्मचारियों को नोटिस

- जीएमवीएन की एमडी ने अनुभाग में काम करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ की कार्रवाई

DEHRADUN: बिना अनुमति नए साल के जश्न के लिए छुट्टी लेना गढ़वाल मंडल विकास निगम के 23 कर्मचारियों को महंगा पड़ गया। जीएमवीएन की एमडी ज्योति नीरज खैरवाल ने इन कर्मचारियों को नोटिस भेजा है। एमडी ने कर्मचारियों का आकस्मिक अवकाश काटते हुए भविष्य में दोबारा ऐसा न करने की हिदायत दी है। यह कार्रवाई अनुभाग में काम करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ की गई है।

निगम में मचा हड़कंप

गढ़वाल मंडल विकास निगम में कर्मचारियों की मनमानी पर एमडी ने सख्ती दिखाई है। बिना काम के वेतन ले रहे 23 कर्मचारियों को एमडी ज्योति खैरवाल ने कुछ माह पहले अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी। एमडी के इस आदेश से प्रदेशभर के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया था। एक साथ 23 कर्मचारियों को सीआरएस देने का यह पहला मामला है। पिछले माह अनुभाग में काम करने की बजाए धूप सेकने वाले 29 कर्मचारियों के खिलाफ एमडी ने कार्रवाई की। अब थर्टी फ‌र्स्ट मनाने के लिए अधिष्ठान, पर्यटन, ऑडिट, अभियंत्रण, वित्त और परियोजना अनुभाग में काम करने वाले 23 कर्मचारियों ने बिना अनुमति और स्वीकृति के अवकाश ले लिया। एमडी के संज्ञान में मामला आया तो कर्मचारियों का एक दिन का आकस्मिक अवकाश काटते हुए भविष्य में पुनरावृत्ति न करने की चेतावनी जारी की है। एमडी की इस कार्रवाई से निगम में हड़कंप मचा है।