नगर निगम ने एक दर्जन मस्जिदों और कब्रिस्तान पर लगाया टैक्स

मचा हड़कंप, लोगों ने जताया विरोध, पहले भी हो चुकी है हरकत

ALLAHABAD: मस्जिद को अल्लाह का घर कहा जाता है। वहीं कब्रिस्तान को मुर्दो का घर। नगर निगम इलाहाबाद इंसानों के घरों से जहां हाउस टैक्स वसूलता है। वहीं अब अल्लाह के घर और मुर्दो के घर यानी मस्जिद और कब्रिस्तान पर भी टैक्स लगा दिया गया है। यही नहीं मस्जिद और कब्रिस्तान के नाम पर बकायदा बिल जारी किया गया है।

टैक्स से मुक्त हैं ये भवन

यूपी गृहकर अधिनियम की धारा 177 के अनुसार प्रदेश के सभी मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारे हाउस टैक्स से मुक्त हैं। इसके बाद भी नगर निगम इलाहाबाद के टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारी व कर्मचारी कभी मंदिर तो कभी मस्जिद के नाम पर हाउस टैक्स बिल जारी कर देते हैं। यही नहीं टैक्स वसूली के लिए नोटिस जारी कर देते हैं। पिछले वर्ष मार्च 2017 में टैक्स डिपार्टमेंट ने जीरो रोड स्थित प्राचीन हाटकेश्वर शिव मंदिर के नाम पर 1.17 लाख रुपये बकाया हाउस टैक्स का नोटिस भेजा था। अब पुराने शहर के दरियाबाद इलाके में स्थित करीब एक दर्जन से अधिक कब्रिस्तान, मस्जिद व इमामबाड़ा पर टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों द्वारा हाउस टैक्स लगाया गया है। यही नहीं नगर निगम के टैक्स डिपार्टमेंट द्वारा कब्रिस्तान और मस्जिदों से टैक्स वसूलने के लिए बकायदा बिल जारी किया गया है। जिसको लेकर दरियाबाद के लोगों में नाराजगी है।

क्या कहते हैं पार्षद

कब्रिस्तान, मस्जिद और इमामबाड़ा के नाम पर हाउस टैक्स बिल जारी करना पूरी तरह से गलत है। एक-दो कब्रिस्तान व मस्जिद के नाम पर अगर बिल जारी हो तो भूल मानी जा सकती है। लेकिन एक दर्जन से अधिक कब्रिस्तान व मस्जिदों के नाम पर हाउस टैक्स बिल जारी किया जाए तो यह गड़बड़ी नहीं, बल्कि मनमानी है।

एहतेशाम रिजवी

पार्षद

दरियाबाद

ये बात सही है कि मंदिर, मस्जिद, कब्रिस्तान, गुरुद्वारा आदि हाउस टैक्स के दायरे से बाहर हैं। लेकिन कई मामले ऐसे सामने आ चुके हैं, जिसमें धार्मिक क्षेत्र से सटे भवन का आवासीय या फिर कॉमर्शियल इस्तेमाल होता है, इसलिए टैक्स जारी किया जाता है। दरियाबाद इलाके में इस तरह की लापरवाही की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो संबंधित इंस्पेक्टर से जवाब मांगा जाएगा।

पीके मिश्रा

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी

नगर निगम, इलाहाबाद

कब्रिस्तान दरियाबाद 1589-882 टैक्स देय राशि 13,994

कब्रिस्तान 1536-854 दरियाबाद देय राशि 5706

मस्जिद 1231-717 दरियाबाद देय राशि 19560

मस्जिद 1340-771 दरियाबाद देय राशि 23,545

मस्जिद 1148-669 दरियाबाद देय राशि 29,430

मस्जिद 191ए-2-445 दरियाबाद देय राशि 32,093

मस्जिद 765-420 दरियाबाद देय राशि 39,119

मस्जिद 707-368 दरियाबाद देय राशि 65,199

मस्जिद 229-105 दरियाबाद देय राशि 7,336

मस्जिद 1350-782 दरियाबाद देय राशि 1,17,470

मस्जिद 1017-580 दरियाबाद देय राशि 41,189

मस्जिद 45-13 दरियाबाद देय राशि 18,111

खान साहब अगा अली खान इमामबाड़ा 1058-609 दरियाबाद देय राशि 1,57,022

इमामबाड़ा 1182-691 दरियाबाद देय राशि 78,237

इमामबाड़ा पंचायती 407-171 दरियाबाद देय राशि 32, 601

इमामबाड़ा 1323-760 दरियाबाद देय राशि 28,254