यूपी कांग्रेस ने लांच किया 'हम हैं कांग्रेस'

- पीके का फंडा, हर विधानसभा से लोगों को एप से जोड़ेंगे

shyamchandra.singh@inext.co.in

LUCKNOW: यूपी में सियासी तौर पर अपनी जड़ें जमाने में जुटी कांग्रेस ने अब मोबाइल को भी अपना टूल बनाने की रणनीति तैयार की है। 27 सालों से यूपी में बेहाल कांग्रेस को उबारने का बीड़ा उठाने वाले प्रशांत किशोर ने 'हम हैं कांग्रेस' नाम का मोबाइल एप लांच किया है। इसके माध्यम से कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं से सीधी बात करेगी।

कैसे काम करेगा एप

'हम हैं कांग्रेस'

एप सभी एंड्रायड मोबाइल में डॉउनलोड किया जा सकता है और फ्री है। इसमें राष्ट्रीय खबरें, कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं के संदेश व कार्यक्रम जैसे ऑप्शन मौजूद हैं। जिसमें पार्टी से जुड़ी बातें, प्रचार और सुझाव दिए जा सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि इस एप को डॉउनलोड करने वाला कांग्रेस का प्राथमिक सदस्य बन जाएगा। इसके अलावा अन्य लोगों को भी एप में मौजूद साथी ऑप्शन के जरिए जोड़ा जा सकता है।

पहुंचेगी कांग्रेस की सीधे बातें

पीके की नई रणनीति के तहत कांग्रेस से जुड़ी बातें सीधे लोगों तक पहुंचेंगी वहीं पार्टी की सोच है कि इससे बड़ी लोगों को जोड़ा जा सकेगा। 'हम हैं कांग्रेस'

एप में विधानसभावार राजनीतिक गतिविधियां, कांग्रेस के कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से संबंधित जानकारी को न केवल देखा जा सकता है बल्कि अपने सुझाव व बातें भी हाईकमान तक अपडेट कराई जा सकती हैं। इसका सबसे ज्यादा फायदा उस अंतिम पंक्ति कार्यकर्ता को होगा जो कि पार्टी की नीतियों व दूसरी जरूरी चीजों के लिए कार्य कर रहा है। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के अनुसार केवल एप ही नहीं दूसरे कई बड़े प्रयोग आगे किए जाने बाकी हैं और यह सब कांग्रेस युवराज राहुल गांधी के संज्ञान में ही किया जा रहा है।

राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दोनों का मेल

एप पर राष्ट्रीय खबरों को तो जगह दी ही जाएगी, साथ ही प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में क्या हो रहा है इसकी भी जानकारी मौजूद होगी। क्षेत्र में होने वाले प्रत्येक महत्वपूर्ण आयोजन, स्थल सहित तमाम जरूरी जानकारी जो उस विधानसभा क्षेत्र के लिए जरूरी है, एप पर अपडेट होती रहेगी। यही नहीं पार्टी से जुड़े मुदद्े, राष्ट्रीय स्तर पर बनने वाली नीतियों आदि के बारे में भी अपने सुझाव सीधे पार्टी को कांग्रेस सदस्य एप के माध्यम से पहुंचा सकेंगे।

पीके करेंगे समर्थकों को ट्रेंड

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की ओर से प्रत्येक विधानसभा में टिकट पाने वालों के पांच समर्थकों को भी पीके की ओर से सीधे ट्रेनिंग दी जाएगी। इसको लेकर निर्देश जारी हो चुका है। इसके अनुसार हर विधानसभा पर टिकट चाहने वालों से उनके पांच समर्थकों के नाम मांगे गए हैं। यह पांच समर्थक विधानसभा में प्रत्याशी के प्रचार की पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे। इनको पीके की टीम से सीधे जोड़ा जाएगा और प्रत्याशी व पार्टी के लिए कैसे काम करना है इस बारे में ट्रेन्ड किया जाएगा। आमतौर पर बिखरी हुई रणनीति के हिसाब से पर्याप्त संख्याबल होते हुए भी कांग्रेस का प्रचार किसी भी चुनाव में हावी नहीं हो पाता है। लेकिन प्रत्येक विधानसभा पर एक बड़ी टीम खड़ी हो जाएगी जो सूबे में कांग्रेस के प्रचार को बड़ी धार देगी।