-पांच स्टेट के रूझान आते ही कांग्रेसियों ने खेली होली, बीजेपी और जेडीयू ऑफिस में छाया सन्नाटा

PATNA: पांच राज्यों के चुनाव परिणामों ने कांग्रेस को बड़ा ऑक्सीजन दिया है। काफी दिनों से ठंडे पड़े कांग्रेसियों में मतगणना के रुझान आते ही ऊर्जा पैदा हो गई। जो जहां था वहां से भागकर सदाकत आश्रम पहुंचा। देखते ही देखते सन्नाटे में डूबा रहने वाला कांग्रेस का प्रदेश कार्यालय कार्यकर्ताओं की भीड़ से भर गया। हर तरफ जश्न का माहौल दिख रहा था। कोई टीवी पर ताजा नतीजों का अपडेट लेने में लगा था तो कोई अबीर गुलाल से जीत की होली मना रहा था। वर्षो बाद सदाकत आश्रम में इतनी खुशी देखने को मिली। जबकि बीजेपी व जेडीयू ऑफिस में सन्नाटा रहा।

सुबह से कांग्रेस कार्यालय में रही भीड़

सुबह से शाम तक सदाकत आश्रम में कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही। सुबह सुबह लोग इकट्ठा हो गए और फिर जश्न का दौर शुरु हो गया। महिलाओं में जया मिश्रा, रीता सिंह के साथ अधिक संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे। पार्टी के प्रदेश कार्यालय को रंग बिरंगे बैलून से सजाया गया था। हर तरफ झंडा और फूल माला लगाया गया था। इस बीच में ही राहुल गांधी और सोनियां गांधी की बड़ी बड़ी तस्वीरें लगाई गई थीं। कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए कहा कि अब संकेत मिल चुका है। आने वाला दिन कांग्रेस का है, क्योंकि बुरे दिन जाने वाले हैं और अच्छे दिन आने वाले हैं। पटाखों से पूरा सदाकत आश्रम गूंज गया।

राहुल ने बदल दिया इतिहास

रिसर्च विभाग एवं बिहार मैनिफेस्टो कमिटी के चेयरमैन आनंद माधव ने राहुल गांधी को इस जीत के लिए बधाई का पात्र बताते हुए कहा कि इतिहास बदलने का काम किया है। उन्होने कहा कांग्रेस की जीत बिहार कांग्रेस कमिटी के साथ रिसर्च विभाग एवं बिहार मैनिफेस्टो कमिटी ने जमकर खुशी मनाई है। इस जीत को जनता के नाम करते हुए उन्होने कहा कि यह झूठ पर सच की विजय है। इसका पूरा श्रेय राहुल गांधी को है। राहुल गांधी ने इस जीत के लिए काफी मेहनत की है और यह प्रमाणित कर दिया है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी निश्चित रूप से एक नई उचाई पर पहुंचेगी।

जहां रहती थी भीड़ वहां पसरा सन्नाटा

बीजेपी के प्रदेश कार्यालय में सन्नाटा पसरा था। चुनाव के परिणाम जैसे जैसे सामने आ रहे थे उसी तरह से सन्नाटा बढ़ता जा रहा था। कार्यालय में न तो आम दिनों की तरह गाडि़यों का रेला नजर आ रहा था और न ही कार्यकर्ता ही दिखाई पड़ रहे थे। हर तरफ सन्नाटा छाया रहा। पार्टी के कोई बड़े नेता भी सामने नहीं आए और कार्यालय में भी कार्यकर्ताओं की कमी दिखी।

आरजेडी ऑफिस में भी खुशी

राजद कार्यालय में चुनाव के परिणाम को लेकर काफी धूम रही। कार्यकर्ताओं ने पटाखे छुटाए और जमकर नारे लगाए। पार्टी के राष्ट्रीय झंडे के साथ कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब झूठ की पोल खुल गई है और देश में नए बदलाव का संकेत मिल चुका है। आने वाले दिनों में बहुत सारे बदलाव होने है और इसका संकेत मिल चुका है।