RANCHI: रांची में अब दिन ही नहीं, बल्कि रात में भी ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वालों की खैर नहीं है। ट्रैफिक एसपी संजय रंजन सिंह के रेकोमेंडेशन पर मुख्यालय ने रात में भी चेकिंग अभियान चलाने की मंजूरी दे दी है। इसके तहत रात के आठ बजे से सुबह आठ बजे तक स्थानीय थाने अपने-अपने इलाके में जांच अभियान चलाएंगे और इस दौरान ट्रैफिक रूल्स तोड़ने वालों के खिलाफ एक्शन होगा। वहीं उनसे जुर्माना भी वसूला जाएगा।

एएसआई या सीनियर होगा जवाबदेह

ट्रैफिक रूल्स तोड़ने के मामले में अब जिले के शहरी ही नहीं, रूरल एरियाज के थाने के भी एक पदाधिकारी को जिम्मेदारी दी जा रही है, जो पदाधिकारी जमादार या इससे ऊपर के स्तर का होगा।

नाइट में ट्रैफिक चेकिंग क्यों

एसपी यातायात संजय रंजन सिंह ने बताया कि रांची में केवल चार ट्रैफिक थाने हैं, जो सुबह आठ बजे से रात के आठ बजे तक ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं। रात के आठ बजे से सुबह आठ बजे तक कोई जांच नहीं होती है। इस कारण शहर में सड़क पर इस अवधि में भी नियम खूब टूटते हैं। इसे रोकने के लिए ही यह नियम बनाया गया है।

थाने का पदाधिकारी काटेगा जुर्माना

सहमति बनी है कि रूरल एरियाज के थानों के एक पदाधिकारी को भी पूरी तरह से शक्ति दी जा रही है, ताकि वे खुद जुर्माना काट सकें। पहले होता था कि जो नियम तोड़ता था, उसे पकड़ने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस यातायात पुलिस का इंतजार करती थी। इससे नियम तोड़ने वालों से लेकर स्थानीय थाने व ट्रैफिक पुलिस तक को परेशानी होती थी।