i exclusive

ट्रेनो पर रिजर्वेशन चार्ट लगाने की व्यवस्था एक मार्च से हो जाएगी खत्म

अभी जारी रहेगा प्लेटफार्म पर चार्ट लगाने का क्रम

balaji.kesharwani@inext.co.in

एक मार्च से ट्रेन में सफर करने से पहले अगर अपना सीट नंबर पता नहीं किया, तो फिर ट्रेन में सीट नंबर ढूंढना मुश्किल हो जाएगा। ट्रेन में रिजर्वेशन चार्ट लगाने का सिस्टम खत्म हो जाने जा रहा है। एक मार्च से देश के करीब 500 से अधिक ए-1, ए और बी-1 कैटेगरी के स्टेशनों पर ये सुविधा समाप्त होने जा रही है। जिसमें इलाहाबाद जंक्शन के साथ ही इलाहाबाद मंडल के कई स्टेशन शामिल हैं। यह रेलवे की डिजिटल मुहीम का हिस्सा है।

स्टेशन पर लगेगी प्लाज्मा स्क्रीन

रिजर्वेशन चार्ट की जगह रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल प्लाज्मा स्क्रीन लगाने की व्यवस्था की जा रही है। इस पर यात्रा संबंधी जानकारी डिस्प्ले होगी। यहां आप अपने पीएनआर और अपने सीट की स्थिति देख सकते है। इसी डिजिटल स्क्रीन पर आपकी यात्रा से जुड़ी तमाम जानकारी होगी। इलाहाबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर तीन डिजिटल चार्ट मशीन लगाए गए हैं। फिलहाल कुछ दिनों तक डिजिटल चार्ट के साथ ही मैनुअल चार्ट भी लोग प्लेटफार्म पर देख सकेंगे।

6 महीने तक चलेगा ट्रायल

रेलवे यह व्यवस्था ट्रायल के तौर पर छह महीने के लिए इंट्रोड्यूज करने जा रहा है। ट्रायल सफल रहा तो इसे बाकी स्टेशनों पर भी लागू किया जाएगा और प्लेटफॉर्म पर लगने वाले चार्ट को भी हटा लिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे बड़ी समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। क्योंकि, कई बार स्टेशन पर यात्री चार्ट को फाड़ देते थे। इससे दूसरे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब यात्रियों को अपनी सीट नंबर देखना मुश्किल नहीं होगा। स्क्रीन पर किसी तरह की समस्या नहीं होगी।

इलाहाबाद मंडल के भी ए-1, ए और बी-1 ग्रेड के स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनों में अब चार्ट नहीं लगेंगे। इलाहाबाद जंक्शन पर डिजिटल चार्टिग की व्यवस्था की गई है। कुछ दिनों तक पेपर चार्ट भी लगाए जाएंगे।

सुनील कुमार गुप्ता

पीआरओ, इलाहाबाद मंडल

एनसीआर में असर

फ‌र्स्ट फेज में 75 ए-1 ग्रेड स्टेशन पर लागू किया गया नियम

बड़े स्टेशनों में इलाहाबाद, कानपुर, मुगलसराय और वाराणसी शामिल

इलाहाबाद मंडल के मिर्जापुर, इटावा, फफूंद, टुंडला, फतेहपुर, अलीगढ स्टेशन हैं ए कैटेगरी लिस्ट में