- आंचलिक विज्ञान नगरी में नये साइमैक्स शो: एड्रनेलिन रश-द साइंस ऑफ रिस्क का शुभारंभ

- अगले छह माह तक रोजाना चलेंगे शो

LUCKNOW: क्या आप खतरों से खेलते हैं या आपको खतरों से खेलना पसंद है। सच तो यह है कि वास्तव में हम में केवल कुछ एक ही खतरों से खेल सकते हैं। लेकिन आप इन खतरों का रिस्क लिए बिना ही इन खतरों का एहसास कर सकते हैं। इसलिए आपको आंचलिक विज्ञान नगरी में साइमैक्स शो में शुक्रवार से दिखाई जाने वाली फिल्म एड्रनेलिन रश: द साइंस ऑफ द रिस्क देखने आना होगा। विज्ञान नगरी में यह फिल्म अगले छह माह तक प्रदर्शित की जाएगी।

डीएम ने किया शुभारंभ

साइंस सिटी में शुक्रवार को डीएम राजशेखर ने साइमैक्स फिल्म एड्रनेलिन रश : द साइंस ऑफ रिस्क का उद्घाटन किया। राजशेखर ने इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षण समय के दौरान आंचलिक विज्ञान नगरी की अपनी पहली भेंट की जानकारी दी और कहा कि यह हम सब के लिए गौरव की बात है कि ऐसा अनोखी सुविधा हमारे शहर में मौजूद है। यहां फिल्म देखने का अलग ही अनुभव है। इस अवसर पर सीडीआरआई के पूर्व निदेशक डॉ। बी एन धवन और सीरी पिलानी के पूर्व निदेशक डॉ। एसएन जोशी सहित 200 से भी अधिक बच्चे उपस्थित थे।

विमान से कूदने का अनुभव

एड्रनेलिन रश : द साइंस ऑफ रिस्क वृतचित्र विमान से बेस जंपिंग यानी किसी ऊंचे भवन, पुल या चट्टान से कूदने की कला की जानकारी देता है। फिल्म देखते हुए आप स्वयं को विमान से कूदते हुए अनुभव करेंगे। यह फिल्म नॉर्वे की चट्टान कत्थाम्मरेन दीवार से 1300 मीटर की ऊंचाई वाली जंपिंग कूद का परोक्ष रूप से अनुभव ले सकेंगे। फिल्म देखकर आप रोमांचित हो उठेंगे। तीन शो हिंदी व एक अंगेजी में भी चलेगा। अधिक जानकारी के लिए आंचलिक विज्ञान नगरी की वेबसाइट पर संपर्क कर सकते हैं।