PATNA: अब बारिश के दिनों में राजधानी की सड़कों पर जल जमाव नहीं होगा। इसके लिए नूतन राजधानी अंचल में 70,36,100 रुपए की योजना पारित हुई है। बताते चले कि दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने 2 जून से 11 जून तक 'डूबेगा कि बचेगा' मुहिम के तहत राजधानी के विभिन्न इलाकों की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। हमारी खबर का बड़ा इम्पैक्ट हुआ। नगर निगम के नूतन राजधानी एरिया में जल निकासी के लिए विभिन्न योजनाएं बनाई गई है। इतना ही नहीं डीएम कुमार रवि ने बारिश के दिनों में 6 घंटे के अंदर जल निकासी का निर्देश दिया है।

बनेगा नाला और चैंबर

दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में खबर छपने के बाद पटना नगर निगम ने नूतन राजधानी एरिया में जल जमाव से निपटने के लिए और भी कई योजनाएं बनाई हैं। इस योजना के तहत 1 से 32 वार्ड तक नाला निर्माण से लेकर चैम्बर निर्माण का कार्य किया जाएगा। बताते चले कि राजधानी के महेश नगर, राजीव नगर सहित कई इलाकों में बारिश के दिनों में सड़क पर जल जमाव होता है। ऐसे में वहां के लोगों का सड़कों पर चलना दूभर हो जाता है। लोग अपने ही घरों में नजरबंद हो जाते हैं।

बारिश से पहले पहुंचेगा पंप

बारिश शुरू होने से पहले नगर निगम के सभी वार्डों में जल निकासी के लिए पंप की व्यवस्था की गई है। बताते चले कि नूतन राजधानी एरिया में पहले से मौजूद 16 पंपों की मरम्मत की जा रहा है। इसके साथ ही 10 अतिरिक्त पंप की खरीदारी की जाएगी। जानकारी के अनुसार जहां जल निकासी संभव नहीं है वहां निगम का जेसीबी मौजूद रहेगा जो जल जमाव होने पर जमीन काटकर जल निकासी करेगा।

6 घंटे में होगी जल निकासी

जल निकासी को लेकर पटना डीएम कुमार रवि ने पटना नगर निगम के सभी कार्यपालक अधिकारियों को संप हाउसों को चालू रखने के लिए कहा है। इतना ही नहीं, नालियों की साफ-सफाई के साथ कम बारिश होने पर 6 घंटे में और अधिक बारिश होने पर 12 घंटे में पानी निकालने के लिए सख्त आदेश दिया गया है।