-नगर निगम के सभी वार्डों में खुलेगा जन सुविधा केंद्र

umesh.mishra@inext.co.in

PATNA: पटनाइट्स के लिए खुशखबरी। अब किसी भी काम के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। नगर निगम ने हर वार्ड में जन सुविधा केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। नगर निगम से संबंधित सभी काम जन सुविधा केंद्र में ही हो जाएंगे।

भागदौड़ से मिलेगी राहत

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि 72 वार्डो में जनसुविधा केंद्र बनाए जाएंगे। इसके अलावा निगम के अंचल कार्यालयों में भी 5 अतिरिक्त भवन बनाए जाएंगे। जहां जनता की समस्या के समाधान के लिए कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 45.51 लाख रुपए बजट का निर्धारण किया गया है। परियोजना की पूरी स्वीकृत लागत 36.40 करोड़ निर्धारित है। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि जन सेवा केंद्र के निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जिसे जल्द से जल्द पूरा करने के लिए एजेंसीज को निर्देशित दिया गया है।

पार्षद भी यहीं सुनेंगे शिकायत

जन सेवा केंद्र में वार्ड के पार्षदों को भी बैठकर जनता से रूबरू होना पड़ेगा। जन सेवा केंद्र में पार्षदों के बैठने के लिए एक चेंबर बनाया जाएगा। इससे पहले वार्डो के पार्षद या तो खुद के आवास में कार्यालय बनाकर बैठ रहे हैं या फिर किराये के भवन में उन्होंने जन समस्याओं की सुनवाई के लिए अपना कार्यालय बना रखा है।

यह मिलेगी सुविधा

-किसी भी प्रमाण पत्र के लिए आवेदन की सुविधा।

-नक्शा पास कराने के लिए इसी केंद्र में जमा होगा आवेदन।

-नाला, नाली, कचरा और साफ-सफाई की शिकायत भी दर्ज करा पाएंगे।

-जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आसान होगा आवेदन करना।

-जमीन और भवन के डॉक्यूमेंट्स की कॉपी और नक्शा की प्रतिलिपि मिलेगी।

-अतिक्रमण और सरकारी जमीन पर कब्जे की दर्ज होगी शिकायत।

जन सेवा केंद्र से पब्लिक को सीधा लाभ होगा। केंद्रों पर लोग न सिर्फ शिकायत दर्ज करा पाएंगे बल्कि किसी भी प्रमाण पत्र का आवेदन भी जमा कर पाएंगे।

-हर्षिता, पीआरओ नगर निगम