ओबीसी रैपिड सर्वे तय करेगा कि किस वार्ड से कौन लड़ेगा चुनाव, 80 वार्डो में शुरू हुआ सर्वे

प्रगणकों की टीम घर-घर जाकर कर रही है सर्वे, परिसीमन के बाद सर्वे पर टिकी सबकी निगाह

ALLAHABAD: जनगणना 2011 के आधार पर नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा तैयार परिसीमन ने निकाय चुनाव की तैयारी कर रहे कई पार्षदों का खेल बिगाड़ दिया है। परिसीमन में वार्डो के एरिया में जबर्दस्त उथल-पुथल हुई है। अब नगर निगम ने शहर के 80 वार्डो में ओबीसी यानि अन्य पिछड़ा वर्ग की आबादी का पता लगाने के लिए रैपिड सर्वे शुरू कराया है। ओबीसी सर्वे के बाद ही ये तय होगा कि किस वार्ड से कौन चुनाव लड़ सकता है और कौन नहीं। इस पर अब संभावित प्रत्याशियों की निगाह टिकी हुई है।

घर-घर हो रहा है सर्वे

ओबीसी यानी अन्य पिछड़ा वर्ग का रैपिड सर्वे घर-घर कराया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन की ओर से टैक्स कलेक्टर, इंस्पेक्टर के साथ ही अधिकारियों की पूरी टीम लगाई गई है। इन्हें शहर के सभी 80 वार्डो में घर-घर जाकर सर्वे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

27 अप्रैल तक होना है सर्वे

14 अप्रैल से मैन्युअल सर्वे में जिस घर में ओबीसी कास्ट के लोग रहते हैं, वहां मार्किंग कर संख्या भी लिखी जा रही है। टैक्स कलेक्टर घर-घर जाकर सर्वे के बाद रिपोर्ट इंस्पेक्टर को देते हैं, इंस्पेक्टर जोनल अधिकारी को और जोनल अधिकारी नगर निगम के अधिकारियों को रिपोर्ट दे रहे हैं। इसके आधार पर फाइनल रिपोर्ट तैयार होगी और शासन को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर तय होगा कि किस वार्ड से किस वर्ग के लोग चुनाव लड़ सकते हैं। सर्वे के लिए 27 अप्रैल लास्ट डेट निर्धारित की गई है।

100 लोगों की टीम कैसे करेगी सर्वे

रैपिड सर्वे के लिए टीसी और इंस्पेक्टर समेत करीब 100 लोगों की टीम लगाई गई है। इन पर शहर के 80 वार्डो में घर-घर जाकर सर्वे की जिम्मेदारी है। ऐसे में सवाल उठता है कि 100 लोगों की टीम 80 वार्डो में 17 दिन के अंदर सर्वे कैसे पूरा कर पाएगी? तब क्या इसमें भी जनगणना 2011 की तरह केवल खानापूरी की जाएगी।

रैपिड सर्वे का काम तेजी से चल रहा है। 27 अप्रैल तक सर्वे कम्प्लीट होना है। इसकी पर डे मॉनिटरिंग हो रही है। पूरी टीम एक्टिव है। सर्वे कम्प्लीट होने के बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

सुमित कुमार, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम