लूट का झांसा देकर उतरवा लिए जेवर

कागज में नकली जेवर थमा कर हुए गायब

टटलू गैंग ने की पुलिस की नाक में दम

पीडि़त ने कराया लोहामंडी में मुकदमा दर्ज

आगरा। सिटी में सक्रिय टटलू गैंग ने सैन्य कर्मी दम्पत्ति को निशाना बना लिया। पुलिस अधिकारी बन कर आए टटलूओं ने लूट का झांसा देकर जेवर उतरवा दिए। सफेद कागज में नकली जेवर थमा कर गायब हो गए। जानकारी होने पर पीडि़त दम्पत्ति ने मुकदमा दर्ज कराया है।

रिक्शा से जा रहे थे

सदर बाजार निवासी 77 वर्षीय वेद प्रकाश अरोड़ा एमईएस से रिटायर्ड हैं। शुक्रवार की दोपहर 72 वर्षीय पत्‍‌नी गीता अरोड़ा के साथ ई-रिक्शा से राजामंडी जा रहे थे। आगरा कॉलेज के सामने पीछे से दो युवक आए। दोनों ने रिक्शा चालक को हड़काया कि आवाज दे रहे हैं फिर भी नहीं रोक रहा। चालक रुक गया। युवकों ने बुजुर्ग दम्पत्ति को खुद को पुलिस अधिकारी बताया।

लूट होने का दिया झांसा

शातिरों ने बुजुर्ग दम्पत्ति से कहा कि राजामंडी के पास लूट हो गई है। अपने गहने बेग में रख लो। दम्पत्ति को विश्वास नहीं हुआ। इसी बीच तीसरा आदमी वहां पर आया। उससे भी दोनों युवकों ने यही कहा। आदमी ने अंगूठी उतार कर रुमाल में रख ली। इस पर दम्पत्ति को विश्वास हो गया।

नकली जेवर पकड़ा गए

इसी के बाद शातिरों ने गीता अरोड़ा की चार चूड़ी और अंगूठी सफेद कागज में रख कर थमा दिए। उन्होने कागज बेग में रख लिया। लेकिन उन्हें कुछ शक था। उन्होने कागज निकाल कर देखा तो उसमें नकली जेवर थे। ये देखते ही उनके होश उड़ गए। पीडि़त दम्पत्ति थाना लोहामंडी पहुंचे मामले में मुकदमा दर्ज कराया।