विवाह कार्यक्रम का बायना बांट रहा था युवक, झगड़े के दौरान पहुंचा

-चार लोगों के खिलाफ दी थाना अछनेरा में तहरीर

आगरा। थाना अछनेरा स्थित कचोरा में विवाह के लड्डू बांट रहे 65 वर्षीय व्यक्ति झगड़े की भेंट चढ़ गया। युवक की गोली लगने से मौके पर मौत हो गयी। पुलिस ने मामले में पूर्व फौजी बच्चू सिंह को हिरासत में लिया है। मृतक के बेटे ने चार लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। बच्चू सिंह के बेटे मौके से भाग निकले।

लड्डू बांटने पहुंचा था

गांव कचोरा निवासी गोपीचन्द पुत्र दौजीराम पड़ोसी भगवान सिंह के घर में आयोजित होने वाले विवाह के लड्डू बांट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मृतक गोपीचन्द लड्डू बांटने पूर्व फौजी बच्चूसिंह के घर पहुंचे तो उस समय आरोपी बच्चूसिंह और उनके तीन बेटे सुरेन्द्र, ओमपाल और खुशहाल सिंह आपस में झगड़ रहे थे। तभी अचानक गोली चल गई। गोली गोपीचन्द्र के सीने को पार करती हुई दीवार में जा धंसी। गोपीचन्द ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बेटे मौके से हो गए फरार

पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी रायफल को जब्त कर लिया। आरोपी के तीनों बेटे फरार बताये गए हैं। सीओ अछनेरा नम्रता श्रीवास्तव का कहना है कि आरोपी बच्चू सिंह पल-पल अपने बयान बदल रहा है। सीओ को दिए बयान में आरोपी बच्चूसिंह ने स्वीकार किया कि लाइसेंसी रायफल उसके नाम है। गोली किसने चलाई इसकी उसे इसकी जानकारी नहीं है। सीओ के मुताबिक घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। इसके बाद ही वास्तविकता का पता चल पाएगा। मृतक के बेटे गौरीशंकर ने बच्चू सिंह उसके बेटे ओमपाल, सुरेन्द्र और कुशलपाल सिंह के खिलाफ तहरीर दी है।