जैतपुरा में हुई घटना, वृद्ध ने पोखरे में डूब कर दी जान

VARANASI

जैतपुरा थानाक्षेत्र के ईश्वरगंगी निवासी एक वृद्ध ने रविवार की सुबह पोखरे में डूब कर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसकी शिनाख्त मुन्ना लाल के रूप में की। इस बीच पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से मृतक की डेड बॉडी को बाहर निकलवाया।

पट्टीदारों ने दिया था धोखा

बताया जा रहा है कि पोखरे पास का ही रहने वाले मुन्ना लाल के पट्टीदारों ने उसका मकान धोखे से बेच दिया था। इसके बाद से वह लोगों से मांग कर अपना पेट पाल रहा था। आसपास के लोगों ने बताया कि वह काफी दिनों से बीमार भी चल रहा था। बीमारी और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने ये कदम उठाया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि रविवार की सुबह मुन्ना लाल पोखरे में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान वह डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गयी।