- गुलरिहा एरिया के सरहरी, बनरहा की घटना

- विस्फोट से पड़ोसियों की दीवारें भी ढही

GORAKHPUR: गुलरिहा एरिया के सरहरी, बनरहा टोले में सिलेंडर फटने से मकान की छत ढह गई। छत ढहने और आग की लपटों में घिरने से एक महिला सहित चार लोग गंभीर लोग घायल हो गए। जिनमें एक की मौत हो गई। रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे हुई घटना से अफरा-तफरा मच गई। गांव के लोगों ने आग को किसी तरह से काबू करके घायलों को बाहर निकाला। गांव के लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।

रिसाव से आग, बुझाने में फटा सिलेंडर

सरहरी के बनरहां टोला निवासी गुरु दयाल के घर में घटना हुई। रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे गुरुदयाल की पत्‍‌नी गंगोत्री मोमबत्ती जलाकर कोई काम कर रही थी। गंगोत्री के पास ही उसका पांच साल का बेटा विवेक भी मौजूद था। दूध गर्म करने के लिए गंगोत्री ने गैस जलाया। तभी रिसाव से आग लग गई। थोड़ी ही देर में पूरे कमरे में आग फैल गई। गंगोत्री के शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे। पड़ोसी नंद किशोर पासवान और उनके बेटे संजय भी पहुंच गए।

बुझाने के चक्कर में हुए हादसे के शिकार

आग लगने पर गंगोत्री ने घर का सामान बचाने की कोशिश की। नंद किशोर और उसके बेटे संजय ने बालू और पानी डालकर आग को काबू करने की कोशिश की। इस दौरान धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से छत उड़ गई। मकान ढहने से गंगोत्री, उसका विवेक, नंद किशोर और संजय मलवे में दब गए। गांव के लोगों ने किसी तरह से आग को काबू करके मलवे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर सरहरी चौकी प्रभारी खुर्शीद आलम , सिपाही जमील खान सहित अन्य पुलिस कर्मचारी गांव में पहुंचे। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि नवरतन गुप्ता के सहयोग से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने नंदकिशोर की मृत घोषित कर दिया। विस्फोट से गंगोत्री के पड़ोसी भुअर के छत की दीवार भी ढह गई। आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई।

घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी। गांव के लोगों की मदद से घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।

खुर्शीद आलम, चौकी प्रभारी