-20 फीट गहरी खाई में गिरी बस, 50 घायलों में पांच गंभीर

कोडरमा : कोडरमा घाटी के नौवां के समीप सोमवार की रात्रि रजरप्पा से पूजा कर बिहार शरीफ लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बाबा बस घाटी के एक तीखे मोड़ के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। बस करीब 20 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद रात के अंधेरे में अफरातफरी मच गई। पुलिस को सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में गश्ती दल घटनास्थल पर पहुंचा। बस में सवार एक महिला की मौत मौके पर ही हो गई। लगभग 50 लोग घायल हो गए।

6 की हालत गंभीर

घायलों में पांच-छह की हालत गंभीर है। कुछ यात्री बस पलटने के बाद काफी देर तक बस के नीचे ही दबे रहे। पुलिस के पहुंचने के बाद बस को सीधा कर यात्रियों को निकाला गया। इसके बाद सभी को आनन-फानन कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया। यहां भी काफी अफरातफरी मची रही। अस्पताल में डॉक्टर एवं चिकित्सा कर्मियों की कमी के कारण घायलों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा था।

घायल रिम्स रेफर

जैसे-तैसे स्थानीय लोगों के सहयोग से लोगों का इलाज किया गया। गंभीर रूप से घायलों को अविलंब रिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं सामान्य रूप से घायलों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। अस्पताल में हो रही असुविधा को देखते हुए स्थानीय लोग सिविल सर्जन को फोन लगाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन काफी देर के बाद भी उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इससे स्थानीय लोगों का गुस्सा चरम पर था। बताया जाता है कि लोग रजरप्पा से पूजा करने के बाद बिहार शरीफ लौट रहे थे। इसी दौरान यह दुर्घटना घटी। घटना में घायल एक महिला यात्री का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया था। डॉक्टरों को उनका हाथ काटकर अलग करना पड़ा। मृतका की पहचान शांति देवी, उम्र 60 वर्ष, पति रामजी प्रसाद ग्राम रानी सराय, गिरियक, नालंदा, बिहार के रूप में हुई।