-थोक मंडी में गिरा प्याज का दाम, फुटकर बाजार में लूटखोरी

-बंग्लुरु से होने लगा आयात, प्रशासन नहीं कर रहा दखल अंदाजी

ALLAHABAD: मुनाफाखोर प्याज के नाम पर पब्लिक को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। सबसे बड़ा उदाहरण शुक्रवार को देखने को मिला जब थोक मंडी में प्याज के दाम में गिरावट होने के बावजूद फुटकर बाजार में प्याज ऊंची कीमत पर बेचा गया। जानकारों की माने तो प्रशासनिक उदासीनता के चलते पब्लिक को महंगाई से निजात नहीं मिल पा रही है। जिसका फायदा उठाने वाले मुनाफाखोर बेखौफ हो चुके हैं।

थोक में 15 रुपए गिरी प्याज

दूसरे प्रदेशों के थोक व्यापारियों के लौट जाने से मुंडेरा थोक मंडी में शुक्रवार को प्याज के दाम 15 रुपए प्रतिकिलो तक गिर गए। 40 से 60 रुपए की कीमत में बिकने वाला प्याज 25 से 40 रुपए तक बिका। मंडी व्यापारियों का कहना है कि महंगाई को लेकर होने वाले हो-हल्ले के बाद बड़े व्यापारियों के हौसले पस्त हो गए हैं। वह मंडी से थोक माल उठाने में डर रहे हैं।

मंडी परिषद का दावा, गिरेगा रेट

उधर, शुक्रवार को फुटकर बाजारों में प्याज 80 रुपए किलो तक बिका। जबकि, मंडी परिषद का कहना है कि बंग्लुरु से भी प्याज का आयात भारी मात्रा में होने लगा है। ऐसे में अगले दो से तीन दिन तक प्याज की कीमत में भारी गिरावट हो सकती है। बता दें कि बारिश के चलते नासिक से होने वाला प्याज का आयात बाधित हो रहा है, ऐसे में बंग्लुरु से प्याज मंगवाया जा रहा है।

स्टाल लगाने से पीछे हटे व्यापारी

शुक्रवार को मुंडेरा मंडी में पब्लिक की सहूलियत के लिए प्याज के सस्ते स्टाल लगाने से व्यापारी पीछे हट गए। उन्होंने मंडी परिषद की इस आग्रह को लगभग ठुकरा दिया। गुरुवार को मंडी परिषद ने व्यापारियों ने मंडी में थोक रेट पर फुटकर स्टाल लगाने की अपील की थी। इससे त्योहार पर सस्ता प्याज खरीदने की पब्लिक की आशाओं पर पानी फिर गया।

बॉक्स

व्यापारियों ने की शोकसभा

आलू व्यापारी तेरस लाल कुशवाहा की गुरुवार रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह साठ साल के थे। उनके आकस्मिक निधन पर मुंडेरा व्यापार मंडल ने शोकसभा कर आत्मा की शांति की कामना की। इस मौके पर हरी सब्जी मंडी मुंडेरा के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा, मंगली कुशवाहा, राम बहादुर, तनवीर आलम, ज्ञान पटेल, अमन नाथ आदि मौजूद रहे।

बंग्लुरु से प्याज का आयात होने लगा है। जिससे किल्लत खत्म हो जाएगी और पब्लिक को सस्ता प्याज मुहैया होगा। व्यापारियों को मंडी में सस्ता प्याज का स्टाल लगाने के लिए राजी किया जा रहा है।

-धनंजय सिंह,

सचिव, मंडी परिषद

राखी के साथ प्याज मुफ्त

प्याज के रेट ने राखी मार्केट पर भी असर डाला है। शुक्रवार को चौक में एक दुकान पर एक दर्जन राखी एक साथ खरीदने पर एक किलो प्याज मुफ्त का ऑफर घोषित कर दिया गया। यह जानकारी होने के बाद कई लोग मुफ्त प्याज के चक्कर में दुकान पर पहुंचे। हालांकि बाद में पता चला कि एक नेताजी का पब्लिसिटी पाने के लिए किया गया स्टंट था।