30 साल बाद फिर लौटेगी सिविल लाइंस की पुरानी रंगत, लागू होगा कलर कोड

एमजी रोड पर दिखेगा परंपरा और आधुनिकता का संगम

ALLAHABAD: इलाहाबाद की जान सिविल लाइंस की वर्षो पुरानी रंगत एक बार फिर लौटेगी जब पूरा एरिया पिंक नजर आएगा। इस एरिया में कलर कोड लागू करने को ग्रीन सिग्नल दे दिया गया है। शुक्रवार की रात सिविल लाइंस स्थित एक होटल में सिविल लाइंस व्यापार मंडल और इलाहाबाद के व्यापारियों के साथ हुई मीटिंग में यह निर्णय लिया गया।

एक साइज के होंगे साइन बोर्ड

सिविल लाइंस की सुंदरता को बढ़ाने और समस्याओं का निस्तारण करने के लिए आयोजित मीटिंग का मेन फोकस एमजी रोड की दुकानों के लिए कलर कोड तय करना था। जिलाधिकारी संजय कुमार ने कहा कि एमजी रोड की दुकानें एक ही कलर में दिखेंगी, एक ही कलर में साइन बोर्ड लगे रहेंगे, जिनकी लंबाई और चौड़ाई भी एक होगी तो पूरा सिविल लाइंस अलग ही लुक में नजर आएगा। डीएम के इस प्रस्ताव पर सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अपनी सहमति जताई। निर्णय लिया कि जल्द ही सभी व्यापारी कलर कोड पिंक को फॉलो करेंगे। सिविल लाइंस व्यापार मंडल के मुख्य संरक्षक सरदार जोगेंदर सिंह ने बताया कि एडमिनिस्ट्रेशन के प्रस्ताव को मान लिया गया है। इस पर मई इंड तक अमल कर दिया जाएगा। एल्चिको रेस्टोरेंट से कलर कोड की शुरुआत होगी।

बाक्स

500 मीटर तक नो वेंडिंग जोन

मीटिंग में सिविल लाइंस के व्यापारियों ने नगर निगम, एडीए के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रोड-पटरी पर लगने वाली दुकानों से होने वाली समस्याएं रखी। व्यापारियों ने कहा कि विशेष फेस्टीवल के दौरान एमजी रोड की पटरियों पर पूरा मार्केट बस जाता है, जिससे काफी दिक्कत होती है। इस पर सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि एमजी रोड की सुंदरता को कायम रखने के लिए सुभाष चौराहे से हनुमान मंदिर की तरफ और पत्थर गिरजा घर की तरफ 500-500 मीटर तक का एरिया नो वेंडिंग जोन होगा। जहां रोड पटरी पर दुकान नहीं लग सकेगी। 500 मीटर के बाद ही रोड पर दुकान लगाए जाने की अनुमति दी जाएगी। मीटिंग में जिलाधिकारी के अलावा एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, सिविल लाइंस व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा, विनोद चंद्र दुबे, बलबीर कोहली, रितेश सिंह, विशाल कनौजिया, नरेश राय, अवंतिका टंडन, नफीश, इंदर मध्याहन, अविनाश, आशीष अरोरा आदि मौजूद रहे।

कलर कोड लागू होने से पूरा सिविल लाइंस एरिया निखर जाएगा। जैसा आज से करीब 30 वर्ष पहले था। तब इस एरिया में परंपरा और आधुनिकता का संगम दिखाई देगा।

शिवशंकर सिंह

महामंत्री, सिविल लाइंस व्यापार मंडल

दुकानों के बाहर रोड साइड पर भी एक-एक कैमरे जरूर लगवाएं, ताकि भविष्य में कहीं कोई घटना होती है तो कोई भी संदिग्ध बचने न पाए।

संजय कुमार

डीएम, इलाहाबाद

सिविल लाइंस में भी चौक की तरह रात में भी सफाई कराई जा रही है। इसलिए बेहतर यही होगा कि व्यापारी रात में दुकान बंद करने से पहले अपने दुकान की सफाई करें। ताकि दुकान का कचरा बाहर निकल जाए और पूरा एरिया साफ हो जाए।

-शेषमणि पांडेय

नगर आयुक्त, नगर निगम, इलाहाबाद