RANCHI: मेयर आशा लकड़ा ने शुक्रवार की सुबह रांची नगर निगम क्षेत्र के पार्को का निरीक्षण किया। इस दौरान वह मोरहाबादी स्थित चिल्ड्रेन पार्क, निगम पार्क और हरमू सेक्टर 7 स्थित पार्क गई और वहां की व्यवस्था देखी। उन्होंने कहा कि फ‌र्स्ट फेज में इन पार्कों में ओपन जिम लगवाने का प्रस्ताव बनाकर रांची नगर निगम की ओर से भेजा जाएगा। साथ ही उन्होंने ओपन जिम की जानकारी पार्क में घूमने वाले लोगों को भी दी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि लोग अपना फीडबैक रांची नगर निगम को दें, ताकि उसके आधार पर व्यवस्था सुधारने में मदद मिले। मौके पर नगर आयुक्त डॉ। शांतनु कुमार अग्रहरि, असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव आफिसर रामकृष्ण कुमार, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर विजय भगत, असिस्टेंट हेल्थ आफिसर डॉ। किरण कुमारी के अलावा सिटी मैनेजर मौजूद थे।

सभी पार्को में बनेगा ओपन जिम

इंस्पेक्शन के दौरान मेयर ने सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर को सभी पार्को में ओपन जिम का कांसेप्ट लागू करने का आदेश दिया। वहीं पार्को में सफाई, पानी की व्यवस्था भी दुरुस्त करने को कहा। इसके बाद उन्होंने पार्क में आने वाले विजिटर्स की भी जानकारी ली। बताते चलें कि मेयर ने दिल्ली में भारत सरकार अल्पसंख्यक मामलों के कैबिनेट मंत्री व राज्यसभा सांसद मुख्तार अब्बास नकवी से मिलकर रांची के पार्को में ओपन जिम लगवाने का प्रस्ताव रखा था। मंत्री ने पार्को की लिस्ट उपलब्ध कराने को कहा था।

एमटीएस व पार्क संचालकों पर फाइन

इधर, नगर आयुक्त ने कई इलाकों का इंस्पेक्शन किया, जहां मोरहाबादी के चिल्ड्रेन पार्क में गंदगी देख कांट्रैक्टर पर 5 हजार का फाईन लगाया गया। लोगों ने मेयर से गंदगी, रख-रखाव के अलावा टॉयलेट गंदा होने की भी शिकायत की थी। इसके अलावा हरमू एमटीएस में गंदगी देख वह भड़क गए। इसके लिए 5 हजार रुपए का फाईन लगाया गया। इसके अलावा निगम पार्क में अव्यवस्था देख कांट्रैक्टर पर 5 हजार फाईन लगाते हुए कार्रवाई करने को कहा। इसके बाद हरमू पार्क के पास गंदगी दिखने पर ढाई हजार फाईन लगाया गया। वहीं मेयर और नगर आयक्त ने ऑक्सीजन पार्क के बाहर पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली पर नाराजगी जताई और कांट्रैक्टर पर एफआईआर कराने का आदेश दिया। निगम ने फोर व्हीलर के लिए प्रति घंटे 10 रुपए और टू व्हीलर के लिए प्रति घंटा पांच रुपए तय किया है। जबकि कांट्रैक्टर गाड़ी लगाने वालों से मनमाना चार्ज वसूल रहा है।