- पब्लिक को करना होगा यातायात के नियमों का पालन

- लोगों को कानून के प्रति बनानी होगी सकारात्मक सोच

Meerut। शहर में जाम एक मुख्य समस्या है। शहर का शायद ही कोई चौराहा होगा जिस पर जाम न लगा रहता हो। जाम के कई कारण है। इसमें अतिक्रमण, ट्रैफिक नियम का पालन न होना। वाहनों को रुकने के लिए स्टैंड न बना होना और जो बने हैं उन पर वाहन रूकते नहीं है। आई नेक्स्ट ने मंगलवार को शहर में जाम की समस्या को लेकर ग्रुप डिस्कशन किया तो लोगों ने जाम पर अपनी राय रखी।

प्रशासन की सख्ती जरूरी

जाम की समस्या को खत्म करने के लिए कानून को कठोर करना पड़ेगा। वहीं नियमों के उल्लंघन पर भी कठोर कार्रवाई की जाए।

नहीं मानते नियम

शहर में लोग टै्रफिक के नियमों का पालन नहीं करते हैं। लेकिन कैंट क्षेत्र में वहीं लोग सारे नियमों को फॉलो करते हैं। दरअसल, वहां पर नियम का पालन नहीं किया तो एंट्री ही नहीं हो सकती है। सेना के जवान उस सड़क पर जाने ही नहीं देते हैं।

हटाया जाए अतिक्रमण

शहर में जाम का एक मुख्य कारण अतिक्रमण भी है। शहर में हर चौराहे पर अनियंत्रित खड़े वाहन, ठेले खड़े रहते हैं। दुकानदार अपनी दुकान का सामान बाहर रखते हैं। यही कारण है कि शहर में हर सड़क पर लोगों को जाम की समस्या से जूझते हैं।

न बनाएं स्टेटस सिंबल

गाड़ी भी लोगों के लिए स्टेटस सिंबल सा बन गया है। यदि परिवार में चार लोग है तो सभी पर अलग गाड़ी है। कई बार ऐसा होता है यदि किसी परिवार को किसी एक जगह पर जाना है तो सब अलग गाडि़यों से जाते हैं। यह भी एक जाम की समस्या का कारण है।

वर्जन

शहर में तीन तरह की गाडि़यां हैं। एक नई कार, दूसरे मॉडीफाइड कारें तथा तीसरी पुरानी कारें है। जिनकी वजह से जाम की समस्या होती है। जाम के साथ प्रदूषण भी फैलता है। जो सभी की सेहत के लिए खतरा है।

-डॉ। मधु वत्स

जाम की समस्या से निजात पाने के लिए लोगों को खुद भी जागरूक होना होगा। ट्रैफिक के नियमों का पालन करना होगा। यदि ट्रैफिक नियमों का पालन करे तो जाम की समस्या अपने आप ही खत्म हो जाएगी।

-डॉ। अनीता पुंडीर

ई-रिक्शा शहर में जाम का मुख्य कारण है। ई रिक्शा चालक सवारी को बैठाने के लिए कहीं पर भी रुक जाते हैं। किसी के पास भी लाइसेंस नहीं है। इन पर कार्रवाई भी कोई नहीं करता है।

-मिताली शर्मा

ट्रैफिक पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे। कानून तोड़ने वालों का चालान करें। किसी को भी छोड़ना नहीं चाहिए। यदि कोई बहस कर रहा है तो उसके वाहन का नंबर नोट कर उसके घर पर उसका चालान भेजे। इसके बाद भी जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।

-इंदुल मलिक

बस, ऑटो या फिर ई रिक्शा के लिए स्टैंड बनाने चाहिए। जो स्टैंड पर न रुके उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि वह स्टैंड पर भी रुकेंगे तो पब्लिक भी इधर-उधर नहीं खड़ी होगी। इससे जाम में काफी राहत मिलेगी।

-संगीता अग्रवाल

जाम की समस्या से निजात पाने के लिए सबसे पहले हमें अपने आपको सुधारना होगा। ट्रैफिक नियम का यदि हम पालन करेंगे तो जाम की समस्या ही नहीं होगी। किसी भी चौराहे पर जाम नहीं लगेगा।

-निधि जैन

प्रशासन को नियमों का पालन कराने के लिए सख्त कदम उठाने होंगे। यदि प्रशासन सख्त हो जाए और प्रतिबद्ध हो जाए कि ट्रैफिक नियम का हर हाल में पालन कराया जाएगा। किसी की हिम्मत नहीं कि नियमों का पालन न करे।

-साधना श्रीवास्तव

ई रिक्शा जाम की मुख्य वजह है। शहर में ई रिक्शा का जाल सा फैला हुआ है। इन पर कोई कार्रवाई ही नहीं करता। जहां भी मन होता है वहां पर रिक्शा को रोक लेते हैं। हालात यह है कि सड़क के बीच में भी रिक्शा खड़ा कर देते हैं।

-डॉ। सीमा शर्मा

व्यापारियों को अपनी सोच बदलनी होगी। अतिक्रमण को हटाना होगा। प्रशासन को भी कुछ ऐसा करना होगा कि जिससे किसी को परेशानी भी न हो और अतिक्रमण की समस्या भी खत्म हो जाए।

-कमल ठाकुर

जाम की समस्या को खत्म करने के लिए आरटीओ को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। वाहनों की नियमित फिटनेस चेक करे। यदि ऐसा हो जाएगा तो काफी हद तक जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी।

-रंजीत जैन

प्रशासन को चाहिए कि वह जिस सड़क पर भी डिवाइडर बनाए उस पर पेड़ व पौधे भी लगाए। आम डिवाइडर को लोग आसानी से तोड़ देते हैं। यदि पेड़ पौधे लगे होंगे तो वह तोड़ने से पहले एक बार सोचेंगे।

-दिलमणि प्रसाद

जाम की समस्या से निजात पाने के लिए कभी प्लानिंग ही नहीं की गई। अतिक्रमण हटाने के नाम पर केवल खानापूरी की जाती है। अतिक्रमण को परमानेंट हटाने के लिए कभी कोई प्लानिंग नहीं की गई।

-विनेश जैन

पार्किंग के बिना किसी का भी नक्शा पास नहीं होना चाहिए। यदि नक्शा पास हो गया है और उस व्यक्ति ने पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पार्किंग की व्यवस्था न होना जाम का मुख्य कारण है।

-प्रशांत कौशिक

सोच को सकारात्मक बनाना होगा। यदि सभी लोग यह सोचें कि मुझे नियम का पालन करना है तो कभी जाम की समस्या ही नहीं होगी। समस्या केवल सोच की है। लोग सोचते हैं कि हम नियम तोड़ देंगे तो कोई कार्रवाई नहीं होगी।

-सुनील शर्मा

जनसंख्या भी जाम की समस्या का एक मुख्य कारण है। यदि जनसंख्या पर नियंत्रण हो जाएगा तो वाहनों की संख्या भी कम हो जाएगी। शासन स्तर से कोई प्लानिंग होनी चाहिए और उसका कड़ाई से पालन होना चाहिए।

-पंकज सूद

प्रशासन, ट्रैफिक पुलिस और पब्लिक को मिलकर इस पर काम करना होगा। बिना तालमेल के कभी जाम की समस्या खत्म नहीं होने की है। सभी को अपने जिम्मेदारी का पालन करना होगा और पब्लिक से भी कराना होगा।

-अमित नागर