कर्नलगंज पुलिस ने आइइआरटी के पास से आरोपित अंशू व अंकित को दबोचा

ALLAHABAD: संगम चौराहे पर दिनदहाड़े पान विक्रेता पंकज मौर्या को गोली मारने वाले आरोपित अंशु तिवारी और उसके साथी अंकित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कर्नलगंज पुलिस ने टीम के साथ अभियुक्तों को आइईआरटी चौराहे के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा है। अभियुक्तों के पास से घटना के वक्त इस्तेमाल किया गया तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई गई है। उधर, स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती पंकज की हालत में सुधार हुआ है।

शुक्रवार सलोरी के शुक्ला मार्केट मोहल्ले में रहने वाला अंशु अपने अंकित के साथ वहां पहुंचा। उसने किसी बात को लेकर बहस की। दोनो के बीच विवाद बढ़ने पर अंशू ने कमर से तमंचा निकाल कर गोली चला दी। गोली पंकज के हाथ में लग गई। फायरिंग की सूचना मिलने पर कर्नलगंज इंस्पेक्टर सत्येन्द्र सिंह व चौकी इंचार्ज एनी बेसेंट दुर्ग विजय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोग पंकज को बेली अस्पताल ले गए जहां से उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। देर रात मामले में अंशु व उसके साथी के खिलाफ पुलिस ने घर वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।