मेजा में आग से जलकर चार लोगों की मौत का मामला

मायके वालों ने जड़ा दहेज हत्या का आरोप, संडे को हुआ पोस्टमार्टम

ALLAHABAD: मेजा थाना क्षेत्र के अहिरन का पूरा गांव में विवाहिता सहित तीन बच्चों की जलकर हुई मौत के मामले में मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने रविवार को दारागंज गंगा घाट पर हंगामा किया। वे ससुराल पक्ष के लोगों शव लेने का प्रयास कर रहे थे। मामला बढ़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने शवों का दाह संस्कार औद्योगिक थाना के मनइया घाट पर किया। अहिरन का पुरा निवासी प्रेमकली गुप्ता के पति सुभाष गुप्ता पिता राम कैलाश गुप्ता व छोटे भाई विनोद के साथ मुम्बई में वाचमैन का काम करते हैं। प्रेमकली तीन बच्चों रामू (9), लक्ष्मी (4) एवं श्यामू (2) सहित सास विमला देवी एवं देवर कल्लू के साथ रहती थी। पिछले कई दिनों से वह पति के पास मुम्बई जाने की जिद कर रही थी। शनिवार की शाम सास एवं देवर धान की निराई के लिए गए तो प्रेमकली ने तीनों बच्चों के साथ मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्महत्या कर ली। इससे सभी की मौत हो गई।

ससुराल वालों को सौंपा शव

रविवार की दोपहर पोस्टमार्टम के दौरान भाई लाल जी गुप्ता ने शव लेने से इंकार कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर ससुराल पक्ष के हवाले कर दिया। ससुराल पक्ष के लोग शवों का अंतिम संस्कार करने के लिये दारागंज स्थित घाट ले गए। घाट पर मायके वालों ने हंगामा किया। भाई का कहना था कि उसकी बहन की हत्या ससुराल वालों ने की है। विद्युत शवदाह गृह के बंद होने के कारण परिवार के लोग शवों को लेकर औद्योगिक के मनईया घाट पहुंचे। वहां पहुंचे कोरांव के चंदापुर निवासी मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुये फिर हंगामा किया। प्रेम कली की मां अभिराजी देवी का आरोप है कि दहेज को लेकर प्रेमकली को आये दिन प्रताडि़त किया जाता था। उन्होंने उसे जिंदा जलाने का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष मेजा का कहना है कि मायके पक्ष के लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।