- लखनऊ से बरेली पहुंचे जांच अधिकारियों ने डॉक्यूमेंट की जांच की

BAREILLY:

परिवहन निगम बरेली परिक्षेत्र के आरएम प्रभाकर मिश्रा पर शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। परिवहन निगम में संविदा परिचालकों की भर्ती और डब्ल्यूटी में परिचालकों का निलंबन न कर पैसे लिये जाने के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। मंडे को लखनऊ मुख्यालय से जीएम टेक्नीकल संजय शुक्ला और एआरएम फाइनेंस विद्यांशु मामले की जांच करने बरेली पहुंचे। संबंधित डॉक्यूमेंट की घंटों जांच करने के बाद संदिग्ध डॉक्यूमेंट जांच अधिकारी अपने साथ ले गये।

मुख्यालय की टीम देख कर्मचारियों में हड़कंप

जीएम टेक्नीकल संजय शुक्ला और एआरएम फाइनेंस विद्यांशु मंडे को दोपहर 12 बजे के करीब नॉवेल्टी आरएम प्रभाकर मिश्रा के कार्यालय पर पहुंचे। मुख्यालय से आई टीम को देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। जांच अधिकारियों ने संबंधित डॉक्यूमेंट मंगा कर करीब दो घंटे तक जांच किया। उसके बाद लंच करने चले गये। लंच करने के बाद दोबारा डॉक्यूमेंट की जांच में जुट गये। संजय शुक्ला और विद्यांशु ने परिचालकों की भर्ती के डॉक्यूमेंट के साथ कर्मचारियों पर किये गये कार्रवाई संबंधित डाक्यूमेंट की जांच की।

आरएम प्रभाकर मिश्रा पर है कई आरोप

आरएम प्रभाकर मिश्रा पर मार्च 2017 में 120 परिचालकों की हुई ऑफलाइन भर्ती में पैसे लिये जाने का आरोप है। साथ ही बदायूं और बरेली डिपो के परिचालक जो कि डब्ल्यूटी में पकड़े गये थे। उनको निलंबन करने के बाद दोबारा पैसे लेकर बहाल किये जाने का भी आरोप आरएम पर है। आरएम ने बरेली डिपो के रेगुलर परिचालक प्रदीप गुप्ता से पैसे लेकर बहाल कर दिया था। इसके अलावा कुछ दिन पहले वायरल ऑडियो में प्रभाकर मिश्रा एक फहीम नाम के कर्मचारी से पेमेंट की बात करते हुए सुनाई दे रहे हैं।

अधिकारी अपने साथ ले गये डॉक्यूमेंट

मंडे को बरेली पहुंचे अधिकारियों की जांच में मुख्य रूप से परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया और निलंबन के बाद कर्मचारियों से पैसे लेकर बहाल किया जाना शामिल हैं। जबकि, वायरल हुआ ऑडियो जांच में शामिल नहीं हैं। देर शाम तक डॉक्यूमेंट की जांच करने के बाद संदिग्ध डॉक्यूमेंट अधिकारी अपने जांच लखनऊ लेकर चले गये।

मुख्य रूप से दो चीजों की जांच की जा रही है। परिचालकों की भर्ती और कर्मचारियों के निलंबन का मामला। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि आरएम दोषी है या नहीं।

संजय शुक्ला, जीएम टेक्नीशियन, लखनऊ मुख्यालय