- यूपी रोडवेज गोरखपुर डिपों परिसर में गंदगी फैलाने वाले आठ लोगों से वसूला गया जुर्माना

GORAKHPUR: रेलवे की तर्ज पर अब यूपी रोडवेज ने भी बस स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को रोडवेज मुख्यालय के निर्देष पर गोरखपुर डिपो के एआरएम ने कुल आठ लोगों का गंदगी करने पर चालान किया, उनसे जुर्माने के तौर पर 1600 रुपए वसूल किए गए।

जागरुकता नहीं होगा जुर्माना

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान छेड़ा। इस क्रम में यूपी रोडवेज के एमडी कमिश्नर के रविंद्र नायक ने यूपी के सभी आरएम को निर्देशित किया है कि वह बस स्टेशन परिसर को साफ व स्वच्छ बनाए रखे। स्वच्छता के प्रति जागरुकता अभियान चलाया जाय। इसी आदेश के क्रम में गोरखपुर डिपो के एआरएम महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बीते दिनों स्वच्छता अभियान चलाया था।

आठ से वसूला जुर्माना

स्वच्छता अभियान के बाद गुरुवार को बस स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई की। कसया के रहने वाले यात्री मुकुल कुमार व वीरेंद्र कुमार, कुशीनगर के रहने वाले कैलाश, देवरिया के राजीव रंजन, सीवान के कन्हैया व सिद्धार्थनगर के रहने वाले पदमाकर गुप्ता से 200 रुपए जुर्माना वसूला। इसके साथ-साथ इन यात्रियों को हिदायत दी गई वह आगे से अगर गंदगी फैलाते हुए पकड़े जाते हैं। तो इनसे 500 रुपए जुर्माना चार्ज किया जाएगा।

नहीं बख्शा जाएगा कोई

एआरएम महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सिर्फ पैसेंजर्स से ही नहीं बल्कि गंदगी फैलाने वाले शताब्दी बस के ड्राइवर कृपा चंद से भी 200 रुपए जुर्माना वसूला गया। वह बस स्टेशन परिसर में कूड़े का ढेर फेंकते हुए पकड़ा गया। एआरएम ने बताया कि ऐसा नहीं कि कार्रवाई सिर्फ पुरुष यात्रियों पर की जा रही है, बल्कि अगर कोई महिला भी गंदगी करते पाई जाती है, तो उसका भी चालान किया जाएगा। इसके लिए महिला कर्मचारियों की टीम बनाई जाएगी। शुक्रवार से महिला यात्रियों जुर्माना वसूला जाएगा।