- झपकी आने पर चालक ने खो दिया था संतुलन

PATNA : पटना से किशनगंज लौट रही कृष्णा रथ ट्रांसपोर्ट की बस शनिवार सुबह नरपतगंज थाना क्षेत्र के महात्मा चौक के निकट दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में एक दर्जन यात्री जख्मी हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर है। सभी घायल किशनगंज के निवासी हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एनएच भ्7 पर चालक को झपकी आने के कारण उसने बस का संतुलन खो दिया। इस कारण बस पलट गई। घायलों में किशनगंज निवासी मोहम्मद कुद्दूस को बस के टूटे शीशे से गंभीर चोट आई है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

इस घटना में विनय राय, शंभू कुमार, बिरजानंद पोद्दार, झोरी लाल शाह आदि भी जख्मी हुए हैं। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए फारबिसगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई यात्री बिना बताए खुद से कहीं इलाज कराने चले गए।

दुर्घटना के बाद से यात्री बस का चालक और खलासी फरार बताया जा रहा है। घटना के संदर्भ में नरपतगंज थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मौके पर चौकीदार की तैनाती कर दी गई है।