- सपा प्रत्याशी सीपी कर रहे प्रचार

- जेपी का साथ देने का दावा कर रहे सपाई

<- सपा प्रत्याशी सीपी कर रहे प्रचार

- जेपी का साथ देने का दावा कर रहे सपाई

GORAKHPUR:

GORAKHPUR: गोरखपुर-महराजगंज स्थानीय निकाय निर्वाचन में सपा के दोनों हाथ में लड्डू है। टिकट बदलने के खेल का दोहरा फायदा उठाने की तैयारी हो चुकी है। सपा के लोग जय प्रकाश के साथ होने के दावे कर रहे तो सीपी चंद खुद को सपा का अधिकृत उम्मीदवार बताकर प्रचार करने में लगे हैं। मजबूरियों के चलते पार्टी सीपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रही। रविवार को सपा के केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर बैठक करके नेताओं ने रणनीति बनाई। दिनभर कैबिनेट मंत्रियों का जमावड़ा लगा रहा।

प्रचार में लगे हैं सीपी चंद

समाजवादी पार्टी ने पहले जय प्रकाश यादव को प्रत्याशी घोषित किया। फिर उनकी जगह सीपी चंद को प्रत्याशी बनाया गया। सीपी के पर्चा दाखिल करने के बाद पार्टी का फैसला वापस हो गया। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने दोबारा जय प्रकाश को प्रत्याशी बनाया। पार्टी नेतृत्व ने सीपी चंद को जय प्रकाश का समर्थन देने निर्देश दिया, लेकिन सीपी चंद ने अपना प्रचार बंद नहीं किया। नियमानुसार खुद को पार्टी प्रत्याशी बताते हुए वह प्रचार में लगे हैं। उधर सपाई जय प्रकाश को पार्टी प्रत्याशी मानते हुए उनके पक्ष में वोट मांग रहे है।

सहानुभूति का बना रहे बहाना

सीपी चंद के रवैये से पार्टी नेता परेशान हो उठे हैं। जय प्रकाश को जिताने के लिए सपाई एकजुट होकर रणनीति बनाने में लगे हैं। उधर सीपी चंद ने पार्टी की गाइड लाइन को नजरअंदाज कर दिया है। नियमानुसार खुद को सपा प्रत्याशी बताते हुए सपा के बैनर तले प्रचार में लगे हैं। उनके आगे पार्टी नेता लाचार हो गए हैं। सीपी के खिलाफ अनुशासनहीनता का एक्शन भी नहीं ले पा रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले नेता बहाने खोज रहे हैं। सपा नेताओं का कहना है कि सीपी को पार्टी से निकालने पर सहानुभूति सहानुभूति में वोट मिल जाएगा। पार्टी के भीतर बगावत की आशंका से नेता डर गए हैं। दूसरे दल में चर्चा है कि पार्टी हाई कमान एक तीर से कई निशाने लगाना चाहता है। हारने वाले को राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा। जीतने वाले को पार्टी गले लगाएगी।

सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी सपा

जय प्रकाश यादव को एमएलसी बनाने के लिए सपा नेता जुट गए हैं। रविवार को तारामंडल स्थित पार्टी के कार्यालय पर कैबिनेट मंत्रियों का जमावड़ा हुआ। कैबिनेट मिनिस्टर राज किशोर सिंह, दुर्गा प्रसाद सहित कई नामचीन हस्तियां जुटीं। सभी की मौजूदगी में जेपी को जिताने के लिए चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ। मोहसिन खान, संचालन जिला महासचिव मनुरोजन सिंह ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद कुंवर अखिलेश सिंह मौजूद रहे। इस मौके पर राज किशोर सिंह ने कहा कि भ्रम फैलाने का मंसूबा कामयाब नहीं होगा। पूरे प्रदेश में सपा के पक्ष में माहौल है। सबसे ज्यादा सीटें सपा जीतेगी। राजकिशोर सिंह ने कहा कि पार्टी के अंतिम और अधिकृत प्रत्याशी जय प्रकाश यादव हैं।

पार्टी का निर्देश मानते हैं

सपा महानगर अध्यक्ष कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वह लोग आयोग के निर्देश पर नहीं चलते। उनके लिए उनके नेता का आदेश सबसे बड़ा है। पार्टी ने जय प्रकाश को प्रत्याशी घोषित किया है, इसलिए सभी लोग उनके पक्ष में लगे हैं। चुनाव आयोग भले सीपी चंद को प्रत्याशी मानता रहे। इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा।