पंचायत चुनाव का लोगो लगाएं

-22 जिलों के 70 ब्लॉक में हुई वोटिंग

-16 हजार 782 पदों के लिए हुआ चुनाव

-35 हजार 469 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में लॉक

RANCHI: झारखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शनिवार को छिटपुट हिंसा के बीच संपन्न हुआ। इसमें दूसरे चरण की अपेक्षा 00.02 परसेंट मतदान ज्यादा हुआ। तीसरे चरण में कुल मतदान 72.54 परसेंट हुआ, जबकि दूसरे चरण में 72.52 परसेंट मतदान हुआ था। तीसरे चरण में राज्य के 22 जिलों के 70 ब्लॉक की पंचायतों में वोटिंग हुई। 16 हजार 782 पदों के लिए 35 हजार 469 उम्मीदवार मैदान में थे। इन उम्मीदवारों की किस्मत मतदान के बाद अब मतपेटियों में कैद हो गई है। तीसरे चरण के साथ ही राज्य में 75 फीसदी पंचायतों में चुनाव हो गया। अब सिर्फ 55 ब्लॉक बचे हैं, जहां चौथे चरण में चुनाव होना है।

देवघर में सबसे ज्यादा व सिमडेगा में सबसे कम वोटिंग

1-गढ़वा 73.2

2-पलामू 73.00

3-लातेहार 71.68

4-चतरा 71.54

5-हजारीबाग 78.00

6-गिरीडीह 74.67

7-देवघर 81.00

8-गोड्डा 75.00

9-साहेबगंज 73.00

10-पाकुड़ 76.00

11-दुमका 72.00

12-धनबाद 74.00

13-बोकारो 73.16

14-रामगढ़ 70.35

15-लोहरदगा 75.98

16-गुमला 64.5

17-खूंटी 64.87

18-रांची 73.5

19-सिमडेगा 61.22

20-पश्चिमी सिंहभूम 71.2

21-सरायकेला-खरसावां 71.00

22-पूर्वी सिंहभूम 77.00

महिलाओं ने दिखाई ताकत

पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में महिला वोटरों ने पुरुषों के मुकाबले ज्यादा मतदान किया। अधिकतर बूथों पर महिलाओं की लाइन लगी रही। इसमें सभी उम्र की महिला वोटर शामिल थीं। सबसे खास बात यह थी कि महिला वोटरों की पसंद चुनाव लड़ रही महिला प्रत्याशी ही थीं। महिलाओं ने कहा कि वो महिलाओं को पंचायत में जीताकर भेजना चाहती है, ताकि पंचायत में उनका विकास हो सके।

लिस्ट में गड़बड़ी, कई लोग वोट से वंचित

पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में वोटर लिस्ट की गड़बड़ी भी बड़े पैमाने पर देखी गई। इस कारण कई लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं कर पाए। रातू ब्लॉक के बिरसा असहाय आवासीय बाल विकास विद्यालय के बूथ पर सन्नाटा पसरा रहा। क्योंकि इस बूथ पर वोट देने आए लोगों को वोटर लिस्ट में अपना नाम ही नहीं मिला। इसको लेकर लोगों ने अपनी नाराजगी भी जताई।

खरसावां में वोट बहिष्कार

सरायकेला-खरसावां जिले की खरसावां पंचायत के 16 बूथों पर लोगों ने वोट का बहिष्कार किया। खरसावां को पूर्ण पंचायत का दर्जा नहीं मिलने से यहां के लोग नाराज हैं।

बूथ पर शिशु का जन्म

बड़कागांव के बूथ संख्या 95 पर वोट डालने आई एक महिला ने शिशु को जन्म दिया। यह घटना काफी चर्चा का विषय बनी रही। इस दौरान लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी।

निरसा में लाठीचार्ज

निरसा कालिया के बूथ नंबर 5 पर पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा। यहां पर कुछ लोग मतदान बाधित करने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद हालात सामान्य हुआ।

क्या कहती हैं महिला वोटर

1-अच्छे और योग्य लोग पंचायत में हमारे प्रतिनिधि बनें। इसी के लिए मैंने अपने वोटिंग राइट का इस्तेमाल किया है। सभी को वोट जरूर डालना चाहिए।

आकृति प्रिया

2-बड़ी संख्या में पंचायत में महिलाएं चुनकर आएं। इसके लिए मैंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। मैं बहुत खुश हूं। सबको वोट डालना ही चाहिए।

ममता देवी

3-साफ सुथरी छवि के साथ अच्छे लोग पंचायत में चुनकर आएं। इसी का ध्यान रखते हुए मैंने वोट डाला। सभी को मतदान जरूर करना चाहिए।

रेणु देवी

4-पंचायत में महिला जन प्रतिनिधियों की संख्या बढ़े। इसके लिए सबको वोट करना चाहिए। मैंने अच्छे उम्मीदवार के लिए वोट किया है।

नीलम कुमारी

5-पांच साल बाद मौका आया है। मैं पंचायत के लिए वोट करने आई हूं। इस उम्मीद के साथ कि इस बार जो चुनाव जीते विकास के लिए काम करे।

सविता देवी