यह था सीन
पंजाबी कॉलोनी शामली का रहने वाला मुख्तार सिंह पुत्र मान सिंह ट्रक मालिक है। वह खुद ही अपने ट्रक एचआर 58ए 1058 को चलाता है। साथ ही बेटा बलजीत भी मुख्तार का हाथ इस काम में बटाता है। मंगलवार की रात दोनों बाप बेटे नमक का भाड़ा उतारकर शामली वापस लौट रहे थे। रात में करीब दो बजे ये लोग वलीदपुर के पास ट्रक पार्क करके आराम करने के लिए ढाबे पर रुके। मुख्तार के अनुसार जैसे ही ढाबे की ओर चले तभी टाटा 407 आई और उसमें से करीब छह बदमाश उतरे।

बांधकर खेत में फेंका
इन बदमाशों ने हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद ट्रक के अंदर डाल लिया। बदमाशों ने ट्रक कब्जे में लेकर मुख्तार की जेब में रखे 65 हजार रुपए, दो मोबाइल, एक सोने की अंगूठी लूट ली। जब मुख्तार और उसके बेटे बलजीत ने विरोध किया तो बदमाशों ने दोनों को बुरी तरह पीटा। इसके बाद इनको बांधकर हाइवे पर ईख के खेत में फेंक दिया और ट्रक लूटकर भाग गए। किसी तरह मुख्तार और बलजीत बंधन मुक्त हुए और खेत से बाहर निकले। किसी तरह पुलिस को सूचना दी।

ये पुलिस है
मुख्तार और बलजीत के पास पुलिस तो नहीं पहुंची लेकिन वे दोनों थाने पहुंच गए। जहां वारदात के बारे में बताया और उसकी तहरीर दी। पुलिस वालों ने इस मामले में तहरीर लेकर उनको बिना किसी छानबीन के टरका दिया। जबकि मंगलवार की रात इसी जगह पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वहीं मुख्तार और बलजीत दोनों घायल थे, जो एमसी सैनी अस्पताल में अपना ईलाज करा रहे हैं.